देवघर // गर्मी के मौसम में जिले के नागरिकों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने मधुपुर अनुमंडल अंतर्गत पतरो नदी स्थित इंटक वेल और फिल्ट्रेशन प्लांट का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, जल शोधन प्रक्रिया और पानी के भंडारण की वास्तविक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जल संचयन, पंपिंग क्षमता और वाटर फिल्ट्रेशन (जल शोधन) की पूरी प्रक्रिया को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर में आ रहे बदलावों पर लगातार नजर रखें ताकि आने वाले दिनों में संकट की स्थिति पैदा न हो।
पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट संकेत दिया कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने फिल्ट्रेशन प्लांट से शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल ही आम नागरिकों तक पहुंचे, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। वहीं गर्मी के मद्देनजर जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए मुस्तैद रहें।
उपायुक्त ने कहा पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग के अधिकारी व अभियंता यह सुनिश्चित करे कि टेल-एंड (अंतिम छोर) पर रहने वाले परिवारों तक भी पर्याप्त पानी पहुंचे, इस दिशा कार्य करें।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, कार्यपालक अभियंता राहुल प्रियदर्शी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता व संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
