झारखंड की आवाज

रिंग रोड परियोजना : लैवी नहीं देने पर मिस्त्री का किया अपहरण, ठेकेदार ने थाना में दिया आवेदन -

रिंग रोड परियोजना : लैवी नहीं देने पर मिस्त्री का किया अपहरण, ठेकेदार ने थाना में दिया आवेदन

निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अपराधी

देवघर // जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छीट घाघरा में पावर मैक कंपनी के तहत शांति कांट्रेक्ट द्वारा पुलिया निर्माण का काम कर रहे ठेकेदार संजीव कुमार के साथ मारपीट और धमकी के बाद उनके मिस्त्री को अगवा कर लिया गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार ने पुलिस पर त्वरित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। संजीव कुमार, जो शांति कांट्रेक्ट के प्रोप्राइटर हैं, ने मोहनपुर थाना प्रभारी को लिखे आवेदन में बताया कि 3 जून को शाम लगभग 5 बजे तीन युवक निर्माण स्थल पर पहुंचे और खर्चा-बर्चा देने की मांग करते हुए धमकी दी कि “पैसे नहीं दिए तो काम नहीं करने देंगे”।

1004853027

रात करीब 11 बजे फिर वे गाली-गलौज करते हुए लौटे। अगले दिन 4 जून की सुबह लगभग 6 बजे दो मोटरसाइकिलों एक का रजिस्ट्रेशन नंबर JH-04J-7984 और एक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने बिहार के मुंगेर जिला निवासी उनके मिस्त्री गौतम कुमार को बुरी तरह मारपीट की और जबरन मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गए। संजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने पूरे इलाके में खोजबीन की, लेकिन गौतम कुमार का अभी तक कोई पता नहीं चला है।

परिजनों में मचा कोहराम

पीड़ित मिस्त्री गौतम कुमार के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का कहना है कि गौतम रोजी-रोटी के लिए बिहार से देवघर आया था। अचानक उसका अपहरण हो जाना पूरे परिवार को झकझोर गया है। एक परिजन ने बताया, “हम लोग लगातार फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन फोन स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस अगर तुरंत एक्शन लेती तो अब तक पता चल जाता।

अपहरण जैसी गंभीर घटना में देरी क्यों हो रही है ? : परिजन

संजीव कुमार ने अपने आवेदन में उचित जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी या गौतम कुमार की तलाश में कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर पहले भी कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा “खर्चा” मांगने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अपहरणकर्ताओं के वाहन नंबर के आधार पर त्वरित छानबीन किए जाने की मांग जोर पकड़ रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अपहरण जैसी गंभीर घटना में देरी क्यों हो रही है ?

सभी बिंदुओं पर की जा रही जांच : थाना प्रभारी

मोहनपुर थाना के प्रभारी सालो हेंब्रम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है इस घटना में कितनी सच्चाई है जांचोंप्रात ही कहा जा सकता है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। सभी गवाह से पूछताछ की जा रही है।जांच पड़ताल के बाद ही प्राथमिक दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply