रिखिया थाना क्षेत्र की महिला ने साइबर थाना में दिया आवेदन, दामाद, नाती व बैंककर्मी की मिलीभगत का लगाया आरोप
देवघर // रिखिया थाना क्षेत्र के बिहरोजी गांव निवासी इंद्रा देवी ने साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर करीब 29 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर गबन किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। आवेदिका ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में इंद्रा देवी ने बताया है कि रिंग रोड निर्माण के लिए उनकी जमीन का अधिग्रहण किया गया था। भू-अर्जन वाद संख्या 77/2022-23 के तहत मौजा एराजीदुम्मा स्थित खाता संख्या 13 में दर्ज करीब 1 एकड़ 75 डिसमिल जमीन का अधिग्रहण किया गया था। जमीन अधिग्रहण के संबंध में उन्हें नोटिस भी प्राप्त हुआ था।

आवेदिका का आरोप है कि इसी दौरान उनके दामाद झारखंडी महतो और नाती कुंदन कुमार ने कथित रूप से आपसी मिलीभगत कर आधार कार्ड में नाम लिंक कराने सहित अन्य प्रक्रिया का सहारा लिया। आरोप है कि उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक कर्मचारी की मिलीभगत से इंद्रा देवी के नाम पर बैंक खाता खुलवाया गया। इसके बाद कथित रूप से उनके फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर खाते से करीब 29 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई।
बैंक पहुंचने पर हुआ मामले का खुलासा
आवेदिका के अनुसार, जब वह बैंक पहुंचीं और अपने खाते से राशि निकालने की कोशिश की, तो उन्हें खाते में राशि उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें कथित धोखाधड़ी की जानकारी हुई। मामले को लेकर उन्होंने साइबर थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे प्रकरण की जांच, खाते की जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
