साहेबगंज// आरपीएफ इंस्पेक्टर बड़हरवा संजीव कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02 से चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया तथा उन्हें कथित रूप से मजदूरी कराने के उद्देश्य से राँची ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर बड़हरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में ASI सुरेश पासवान, HC नवीन कुमार यादव तथा मंथन संस्था, बरहरवा की प्रतिनिधि अराधना मंडल के सहयोग से उक्त कार्रवाई की गई।

मौके पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शाहिद शेख (36 वर्ष), पिता इस्माइल शेख, निवासी पहाड़ गाँव, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज, झारखंड के रूप में हुई। रेस्क्यू किए गए चारों बच्चों की उम्र क्रमशः 13, 15, 13 एवं 15 वर्ष है।
प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उक्त व्यक्ति उन्हें वनांचल एक्सप्रेस से बरहरवा से राँची ले जा रहा था, जहाँ एक कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की योजना थी। इसके एवज में प्रत्येक बच्चे को लगभग ₹6,000 से ₹7,000 देने की बात तय हुई थी। पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति ने भी बच्चों को राँची ले जाकर कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की बात स्वीकार की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर बड़हरवा के द्वारा लिखित प्रतिवेदन GRP बरहरवा को सौंपा गया, जिसके आधार पर GRPS/बरहरवा कांड संख्या 61/2026, दिनांक 21.11.2026, धारा 137(2)/143(5) BNS एवं 75/81 किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान SI कृष्ण चंद्र गगराई को सौंपा गया है।
और उपरोक्त रेस्क्यू किए गए चारों बच्चों को आराधना मंडल, मंथन संस्थान बरहरवा को अग्रिम कारवाही हेतु सौंपा गया ।
