देवघर: जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छापेमारी कर सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों की संलिप्तता साइबर ठगी के मामलों में सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को पुलिस उपाधीक्षक, साइबर अपराध कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर साइबर थाना देवघर की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा तथा पथरड्डा ओपी क्षेत्र के पहाड़पुर मोड़ के आसपास कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी सक्रिय हैं। ये अपराधी अलग-अलग कंपनियों और सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को फोन कर ठगी का शिकार बना रहे थे।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मधुपन कुमार दास, निरंजन दास, मुन्ना कुमार दास, लालू यादव, विकास यादव, विशाल महरा और कमल किशोर दास शामिल हैं।
ऐसे करते थे साइबर ठगी, अपनाते थे ये तरीके
1. Flipkart और Amazon का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर ठगी
साइबर अपराधी खुद को Flipkart और Amazon का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर आम लोगों से संपर्क करते थे। कंपनी से जुड़ी समस्या के समाधान का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और उनसे ऑनलाइन ठगी करते थे।
2. Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर लोगों को बनाते थे निशाना
आरोपी खुद को Airtel Payment Bank का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। बैंकिंग सेवा और खाते से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी की जाती थी।
3. Google पर PhonePe कस्टमर केयर के नाम पर ठगी
आरोपी Google पर PhonePe कस्टमर केयर के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर बातचीत करते और लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाते थे।
4. PhonePe Gift Card बनवाकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, अपराधी PhonePe Gift Card Create करवाकर उसे Redeem करने का झांसा देते थे। इस तरीके से आम लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जाता था।
5. Airtel Thanks App के जरिए बैंकिंग ठगी
आरोपी Airtel Payment Bank पदाधिकारी बनकर लोगों को झांसा देते थे। Airtel Thanks App के माध्यम से Airtel Payment Bank कार्ड बंद करने और आम सहायता के नाम पर कार्ड को दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ठगी करते थे।
6. PM किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर ठगी
साइबर अपराधी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और लोन दिलाने का प्रलोभन देकर भी लोगों को निशाना बनाते थे। इसके लिए फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लिया जाता था।
तीन आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं साइबर अपराध के मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तीन के खिलाफ पूर्व में भी साइबर अपराध से संबंधित मामले दर्ज हैं। इनमें साइबर थाना कांड संख्या 115/2025, 80/2021 और 15/2025 शामिल हैं।
11 मोबाइल और 9 सिम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 11 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस छापेमारी अभियान में पथरौल थाना प्रभारी पु0अ0नि0 दिलीप कुमार बिरूंग, पथरड्डा ओपी प्रभारी पु0अ0नि0 मोतीराम देवगम सहित संबंधित थाना पुलिस की टीम शामिल रही।
देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी या गोपनीय विवरण साझा न करें तथा कस्टमर केयर नंबर की पुष्टि हमेशा आधिकारिक माध्यम से करें।
