
देवघर // पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया है। देवघर के पुलिस अधीक्षक के निर्देश में यह कार्रवाई मंगलवार, 28 अक्टूबर को की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरड्डा थाना क्षेत्र के भुरा जंगल इलाके में कुछ संदिग्ध व्यक्ति फर्जी बैंक, कस्टमर केयर और सरकारी अधिकारी बनकर आम लोगों से ठगी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की और एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान….
फहीम अंसारी (उम्र लगभग 30 वर्ष, पिता – सलीम मियां, निवासी – बारापंसारी, थाना सारठ, जिला देवघर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी बनकर आम लोगों को विभिन्न योजनाओं और ऑफ़र के नाम पर ठगता था
अपराध करने की शैली
- पीएम किसान योजना के नाम पर ठगी:
आरोपी किसानों को फर्जी लिंक भेजकर पीएम किसान योजना का लाभ दिलाने का झांसा देता था। लिंक पर क्लिक करते ही किसानों के बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते थे। - फर्जी PhonePe/Paytm कस्टमर केयर बनकर धोखाधड़ी:
आरोपी खुद को PhonePe या Paytm का अधिकारी बताकर ग्राहकों से “कैशबैक” देने का झांसा देता था। वह ग्राहकों से “PhonePe गिफ्ट कार्ड” बनवाकर उसे खुद रिडीम कर पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था। - Airtel Payment Bank के नाम पर ठगी:
आरोपी खुद को Airtel Payment Bank अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को कॉल करता था। वह कहता था कि उनका कार्ड बंद हो गया है और उसे चालू कराने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी करता था।
बरामद सामान
पुलिस ने फहीम अंसारी के पास से 1 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड और 3 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। साथ ही कुछ प्रतिबिंब आधारित (क्लोन) सिम भी जब्त किए गए हैं।
जनवरी 2025 से अब तक 655 साइबर आरोपी की गिरफ्तारी…..
देवघर पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार चल रहे अभियान का हिस्सा है। जनवरी 2025 से अब तक 655 साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 806 मोबाइल, 1040 सिम कार्ड और 5 एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं। इनमें से 243 सिम प्रतिबिंब आधारित (क्लोन) पाए गए हैं।