झारखंड की आवाज

नगर निगम ने बसंत पंचमी, तिलकोत्सव एवं गणतंत्र दिवस की तैयारी किया शुरू टीम का किया गठन -

नगर निगम ने बसंत पंचमी, तिलकोत्सव एवं गणतंत्र दिवस की तैयारी किया शुरू टीम का किया गठन

देवघर // बसंत पंचमी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले तिलकोत्सव समारोह, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना रहती है, तथा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के आयोजन को लेकर देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। नगर आयुक्त ने बताया कि दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, चलंत शौचालय, झाड़ी कटाई, अतिक्रमण नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की निगरानी एवं क्रियान्वयन का दायित्व सौंपा गया है।तिलकोत्सव समारोह के संदर्भ में नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि बाबा मंदिर परिसर, शिवगंगा, सभी रूट लाइन, श्रद्धालुओं के ठहराव स्थल, अस्थायी शिविर क्षेत्र तथा अतिरिक्त पुलिस बल के आवासन/ठहराव स्थलों में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस लाइन एवं अस्थायी पुलिस आवासन स्थलों पर नियमित सफाई, कचरा उठाव एवं नालियों की सफाई को प्राथमिकता दी जाए, ताकि तैनात पुलिस बल को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि तिलकोत्सव अवधि के दौरान सभी प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर नियमित सफाई, झाड़ी कटाई, खुले में कचरा फेंकने पर नियंत्रण तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्गों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

गणतंत्र दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने परेड ग्राउंड, टावर चौक से परेड ग्राउंड तक का मार्ग, सर्कुलर रोड, प्रमुख चौक-चौराहों, स्मारकों, सरकारी कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सामान्य साफ-सफाई, झाड़ी कटाई एवं सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही 26 जनवरी से पूर्व ब्लिचिंग चूना का छिड़काव एवं सड़क किनारे चूना मार्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर आयुक्त ने नगर क्षेत्र के प्रमुख स्मारकों, चौक-चौराहों एवं सरकारी भवनों में उच्च कोटि के रंगीन विद्युत बल्बों से सजावट, सभी संबंधित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त रखने तथा विशेष रूप से सत्संग चौक से परेड ग्राउंड तक प्रकाश व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त 23 जनवरी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर विद्युत सजावट एवं माल्यार्पण कार्यक्रम सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया गया।समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम हेतु पेयजल व्यवस्था, चलंत शौचालयों की उपलब्धता, मंच एवं बैठक व्यवस्था की मरम्मत-पेंटिंग, समतलीकरण तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएँ समय से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पमाला अर्पण, ध्वजारोहण एवं झंडा व्यवस्था गरिमापूर्ण ढंग से कराने पर बल दिया।नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि तिलकोत्सव एवं गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान नगर निगम की प्रत्येक टीम अपने-अपने दायित्वों के प्रति उत्तरदायी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने देने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं, आम नागरिकों एवं तैनात पुलिस बल को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a ReplyCancel reply