देवघर // उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा द्वारा जिला स्तरीय कृषि मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी मेले का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के अवसर पर अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त ने उपस्थित किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे कृषि, पशुपालन एवं संबद्ध क्षेत्रों के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं उनका अधिकतम लाभ उठाएँ।

आगे उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कृषि मेलों से किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त होती है। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त महोदय द्वारा कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली गई। साथ ही कृषि प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें आधुनिक कृषि यंत्रों एवं तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा उनके समाधान हेतु संबंधित विभागों को आदेश दिया।
साथ ही कार्यक्रम में किसानों को पशुपालन विभाग द्वारा संचालित पशु एंबुलेंस सेवा (हेल्पलाईन नंबर-1962) की जानकारी दी गई तथा आपात स्थिति में इस सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने का निर्देश दिया गया। मेले में कुल 44 प्रकार के कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी, जिसमें प्रत्येक श्रेणी के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, मेले में कुल 25 स्टॉल लगाए गए, जिनमें विभिन्न लाइन विभागों के कार्यालयों एवं अन्य विक्रेताओं द्वारा सहभागिता की गई। साथ ही मेले के दौरान किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत सोलर पंप सेट का वितरण किया गया। साथ ही उद्यान विभाग द्वारा एनएमएनएफ योजना के तहत 6,75,000 की राशि राई समूह को प्रदान की गई। इसके अलावा 10 किसानों को टोकन के रूप में मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किया गया।