झारखंड की आवाज

रांची में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, नकली विदेशी शराब सहित आठ आरोपी गिरफ्तार -

रांची में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, नकली विदेशी शराब सहित आठ आरोपी गिरफ्तार

रांची// होली और रामनवमी पर्व को लेकर अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार सघन छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में रविवार को उत्पाद विभाग की टीम ने रांची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध एवं नकली शराब बरामद की तथा आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया।

थाना क्षेत्र के इन जगहों में को छापेमारी

उत्पाद विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विधानसभा थाना क्षेत्र के महुआ टोली एवं डहु टोली, नगड़ी थाना अंतर्गत गागी टोली और सेम्बो तथा बेड़ों थाना क्षेत्र के इटा चिनरी गांव में एक साथ छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान इटा चिनरी से 09 पेटी में कुल 290 पीस यानी 73.65 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में एक आरोपित को मौके से गिरफ्तार किया गया।

सात अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा अन्य स्थानों पर की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी शराब, बियर, अवैध चुलाई शराब तथा जावा महुआ जब्त किया गया। अभियान के दौरान कुल सात अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में संजीत मिंज, पिंटू बाड़ू, अनिल लिंडा, सुनील उरांव, अजय कुजूर, रौशन केरकेट्टा, राजू कच्छप एवं निखिल तिर्की शामिल हैं।

अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

उत्पाद विभाग ने आरोपितों के पास से कुल 80.925 लीटर विदेशी शराब, 65.1 लीटर बियर, 9.9 लीटर ब्रिजर, 100 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply