पलामू // जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवरी ओपी क्षेत्र के ग्राम देवरीकला स्थित सोन नदी तट से बुधवार को लगभग 30 वर्षीय एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव बालू में दबा हुआ था, जिसे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने कब्जे में लिया।
मृतका की नहीं हो सकी पहचान
घटना की सूचना मिलते ही देवरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि सोन नदी क्षेत्र से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। शव हल्का बालू से ढंका हुआ था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके।घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पहचान के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
