झारखंड की आवाज

कृषि ऋण के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा, बिचौलिया गिरफ्तार -

कृषि ऋण के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा, बिचौलिया गिरफ्तार

1003821482

साहिबगंज // बोरियों थाना क्षेत्र के पुआल गांव में कृषि ऋण दिलाने के नाम पर आधा दर्जन से अधिक लाभुकों से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोपित बिचौलिया को पकड़कर ग्राम प्रधान संग्राम सोरेन के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं लाभुक श्यामू हेंब्रम, मंझली सोरेन, मंगल मरांडी, टेरेसा मरांडी, मरांग मय सोरेन, डुला टुडू, उर्मिला मुर्मू, झोंकड़ मुर्मू और सिदो सोरेन ने बताया कि बिचौलिया ने 18 हजार रुपए का कृषि ऋण दिलाने और उसकी राशि को आधा-आधा बांटने का लालच दिया था। साथ ही ऋण पूरी तरह माफ होने की बात कहकर ग्रामीणों को झांसे में लिया गया।

मोबाइल के मैसेज से मामले का खुलासा हुआ

मामला तब सामने आया जब तीन दिसंबर की शाम करीब 6 बजे एसबीआई से आए मोबाइल मैसेज में खाते में 55,692 रुपए जमा होने और 53 हजार रुपए निकासी की जानकारी मिली, जबकि लाभुकों को केवल 7,500 रुपए दिए गए थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह बैंक कर्मियों और बिचौलिया की मिलीभगत से हुई ठगी है। शिकायत के बाद एएसआई प्रभा शंकर दुबे, विरम मरांडी सहित पुलिस बल ने बिचौलिया को थाना लाकर पूछताछ शुरू की है। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने जांच की पुष्टि की है। उधर एसबीआई मैनेजर पंकज कुमार ने बैंक पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए सीसीटीवी जांच की बात कही है।

Leave a Reply