कोडरमा // समाहरणालय सभागार में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में निर्भया कोष के अंतर्गत विभिन्न परियोजना प्रस्तावों की समीक्षा बैठक की गई।बैठक में कोडरमा जिला में महिलाओं की सुरक्षा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्भया फंड (एमओडब्ल्यूसीडी, भारत सरकार) के तहत तैयार किए गए प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इनमें प्रौद्योगिकी आधारित महिला सुरक्षा कार्यक्रम (ऑटोमैटिक सीसीटीवी, ड्रोन और पिंक पेट्रोलिंग), डिजिटल ट्रैकिंग, निगरानी एवं गश्त, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, शौर्य प्रशिक्षण (सेल्फ-डिफेंस), आजीविका एवं आवास की व्यवस्था, महिला सुरक्षाकर्मियों का प्रशिक्षण, कक्षा 9-12 की छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं के लिए निहत्थे आत्मरक्षा सहित अन्य प्रस्ताव शामिल थे।

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय मंत्री को प्रस्तुत की। बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश मंडल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेखा रानी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
