महिला दिवस के उपलक्ष्य में कैंसर जागरूकता कार्यशाला, विशेषज्ञों ने नियमित जांच पर दिया जोर
रांची // अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में मेकॉन लिमिटेड में महिला कर्मचारियों के लिए कैंसर जागरूकता विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मेकॉन के वूमेन इन पब्लिक सेक्टर (डब्ल्यूआईपीएस) फोरम की ओर से शनिवार को आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भाग लिया।कार्यशाला में रांची की प्रसिद्ध स्तन कैंसर विशेषज्ञ डॉ. नम्रता महंसारिया ने महिलाओं को स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षण, संभावित जोखिम कारक और इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
महिलाएं स्व-परीक्षण और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराए : डॉ. महांसारिया
उन्होंने कहा कि समय पर जांच और शीघ्र निदान से कैंसर का सफल इलाज संभव है। इसलिए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। डॉ. महांसारिया ने बताया कि शुरुआती चरण में स्तन कैंसर का पता चलने पर उपचार की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने महिलाओं को स्व-परीक्षण (सेल्फ एग्जामिनेशन) और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने महिलाओं में होने वाली अन्य सामान्य बीमारियों के बारे में भी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मेकॉन लिमिटेड के निदेशक (वाणिज्यिक) जेके झा ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में कैंसर, विशेष रूप से स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को समझाना है। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित जांच कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर मेकॉन के निदेशक (परियोजना) राजीव खिलन और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) डॉ. सतीश कुमार भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और महिलाओं को सुरक्षित व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
