दुमका // पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में मसलिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ग्राम-खुुटोजोरी बाराटोला के सुनसान डंगाल क्षेत्र से एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य भागने में सफल रहे।
Kuku TV’ के सस्ते रिचार्ज के नाम पर ठगी
गिरफ्तार अभियुक्त ममताज अंसारी के पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह गिरोह Google Ads का सहारा लेकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। अपराधी गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर के विज्ञापन चलाते थे, जिसमें ‘Kuku TV’ के सस्ते रिचार्ज या ‘Google Pay/PhonePe’ से कटे हुए पैसे रिफंड कराने का झांसा दिया जाता था।
कैसे करता था ठगी
जैसे ही कोई पीड़ित इन नंबरों पर कॉल करता, अपराधी उन्हें ‘Customer Care Support APK File’ इंस्टॉल करने का झांसा देते थे। इस फाइल के जरिए तकनीक का उपयोग कर अपराधी पीड़ित के मोबाइल का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले लेते थे और पलक झपकते ही बैंक खातों से पैसे साफ कर देते थे।
जांच में यह भी पाया गया कि ठगी के दौरान वीडियो कॉल आने पर अपनी पहचान छिपाने के लिए अपराधी मोबाइल के फ्रंट कैमरे पर सफेद कागज चिपका देते थे, ताकि उनका चेहरा दिखाई न दे। इनके मोबाइल से कई आपत्तिजनक ऐप्स, गेमिंग लिंक्स और क्लोनिंग फाइल्स भी बरामद की गई हैं।
- अभियुक्त ममताज अंसारी, पिता- जुमरत अंसारी के पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन जप्त किया गया है।
वही मसलिया थाना कांड सं. 12/26, BNS की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) एवं IT एक्ट की धारा 66(C)/66(D)के तहत प्राथमिक दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में दुमका भेज दिया गया।
पुलिस फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
