
देवघर // जिला के चरकी पहाड़ी स्थित रिमांड होम में एक युवती की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद नाबालिक युवती को आनन-फानन में देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। मामले की सूचना के बाद परिजन पहुंचे रिमांड होम। नाबालिक युवती के परिजन ने इस मौत पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है।
परिजन का आरोप : रिमांड होम में भी लड़का करता था बात
परिजनों के अनुसार मृत युवती प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में न्यायालय के आदेश पर चरकी पहाड़ी स्थित रिमांड होम में रह रही थी। गोड्डा जिला के महगामा की रहने वाली थी नाबालिक लड़की । लड़का भी गोड्डा जिला के ही डांडे का रहने वाला है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित युवक पैसा देकर लड़की से बात करता था। आगे परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़का वाला मिला हुआ है और मिलकर युवती की हत्या की गई है।
पुलिस मामले की कर रही है जांच
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गई। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।
