पश्चिमी सिंहभूम // जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के पिलका पंचायत अंतर्गत सरकन गांव में एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार की बताई जा रही है। गुरुवार को मंझारी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार खुशी बोदरा अपनी मां जेमनी बोदरा के साथ ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह आठवीं कक्षा की छात्रा थी।
पति के अत्यधिक नशा करने और घरेलू विवाद के कारण….
बताया गया कि जेमनी बोदरा की पहली शादी सरायकेला-खरसावां जिले के कोल शिमला थाना क्षेत्र में हुई थी, लेकिन पति के अत्यधिक नशा करने और घरेलू विवाद के कारण वह अपनी बेटी को लेकर मायके लौट आई थीं। कुछ समय बाद जेमनी बोदरा ने गांव के ही दोना लमाई से दूसरी शादी कर ली थी और परिवार सामान्य रूप से रह रहा था। बताया जाता है कि घटना से दो दिन पहले गांव में एक व्यक्ति की मौत हुई थी। जेमनी बोदरा ने बुधवार को खुशी से सामाजिक कार्यक्रम में साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उसने जाने से मना कर दिया। इसके बाद जेमनी बोदरा अकेले ही वहां चली गईं।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोपहर में जब जेमनी बोदरा वापस घर लौटीं और कई बार खुशी को आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर खुशी फंदे से झूलती मिली। घटना की सूचना गांव के मुंडा, मानकी और डाकूवा को दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मंझारी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
