झारखंड की आवाज

- Page 71 of 101 -

विदेश सचिव के समर्थन में अखिलेश यादव ने कहा निर्णय तो सरकार का होता है किसी अधिकारी का नहीं

विदेश सचिव विक्रम मिसरी और उनके परिवार को भारत-पाक युद्धविराम के बीच हिंदुत्ववादी हैंडल्स द्वारा ऑनलाइन दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और उनकी बेटियाँ भारत और पाकिस्तान के बीच आपसी युद्धविराम समझौते की घोषणा के बाद हिंदू दक्षिणपंथी हैंडल्स द्वारा गंभीर ऑनलाइन दुर्व्यवहार और डॉक्सिंग का लक्ष्य बन गई हैं, जिसमें कुछ उपयोगकर्ताओं ने उनकी बेटियों सहित उनके परिवार को घृणा अभियान में घसीटा है।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी और उसके परिवार के ऊपर किए गए टिपण्णी को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार से कई गंभीर सवाल पूछे और उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा 👇

निर्णय तो सरकार का होता है; किसी अधिकारी का नहीं

ये बेहद निंदनीय, शर्मनाक, आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि देश के एक बहुत बड़े अधिकारी और उसके परिवार के ख़िलाफ़ कुछ असामाजिक-आपराधिक तत्व सरेआम अपशब्दों की सारी सीमाएं तोड़ रहे हैं लेकिन उनके मान-सम्मान की रक्षा के लिए न तो भाजपा सरकार, न ही उनका कोई मंत्री सामने आकर ऐसी अवांछित पोस्ट करनेवालों के ख़िलाफ़ कुछ बोल रहा है या किसी कार्रवाई की बात कर रहा है।

ऐसी पोस्ट और बयानों से, दिन-रात एक करके देश के लिए समर्पित रहने वाले ऐसे सत्यनिष्ठ अधिकारियों का मनोबल टूटता है।कहीं ऐसा तो नहीं कि भाजपा सरकार अपनी नाकामी और नाकामयाबी के लिए किसी और की ओर ध्यान भटकाकर ख़ुद बचना चाह रही हो।भाजपा सरकार से हमारी खुली माँग है कि अगर ये सब देश-विरोधी तत्व उसके इशारे पर काम नहीं कर रहे हैं तो इन सबकी तुरंत गहरी जाँच हो और इनके सोशल मीडिया एकाउंट्स और बैंक खाते से लेकर ई-पेमेंट के सभी एकाउंट्स का पूरा ब्यौरा निकाला जाए। आज ही, तुरंत, तत्काल अभी ही ईडी, सीबीआई व अन्य जाँच एजेंसियों को असली काम पर लगाया जाए और पता किया जाए कि इनके पीछे कौन सी ताक़तें काम कर रही हैं और ये राष्ट्र विरोधी लोग किस विदेशी ताक़तों से पैसा लेकर देश में अमन-चैन-शांति को भंग करना चाहते हैं। जो भाजपा सरकार बात-बात पर देश की सुरक्षा की आशंका के नाम पर प्रतिष्ठित यू ट्यूब चैनल्स को बंद कर देती है, वो ऐसे लोगों के बारे में चुप क्यों है? अगर ये सब भाजपा सरकार की रज़ामंदी से नहीं हो रहा है तो ये और भी गंभीर मसला है और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अत्यंत ख़तरनाक बात भी है क्योंकि ऐसे तत्व देश के अंदर बैठे हैं और भाजपा सरकार उनका कुछ भी नहीं बिगाड़ पा रही है। ये वही लोग हैं जो किसी के भी ख़िलाफ़ सरेआम ज़हरीली बातें लिखते हैं लेकिन उनका बाल बाँका नहीं होता। चंद पैसों के लिए बिक जानेवाले ये लोग किसी के भी सगे नहीं हो सकते हैं। ऐसे लोगों को रोकने के लिए भाजपा सरकार ने अगर 24 घंटे में कोई क़दम नहीं उठाया तो देश की जनता को समझते देर नहीं लगेगी कि ये किसके लोग हैं, किसके लिए काम करते हैं, कौन उन्हें बचा रहा है और क्यों। भाजपा की चुप्पी उसकी संलिप्तता मानी जाएगी।

Deoghar Cyber Crime News। देवघर पुलिस ने 7 साइबर आरोपी को किया गिरफ्तार

देवघर पुलिस ने देवघर जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर साइबर क्राइम के आरोप में कुल 7 साइबर आरोपी को किया गिरफ्तार।

पुलिस ने बताया कि ये सभी साइबर आरोपी नए नए माध्यमों से लोगों को अपना ठगी का शिकार बनाते हैं। जिसमें मुख्य रूप से केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाते हैं। ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर फर्जी तरीके से कस्टमर केयर अधिकारी बनकर ठगी करते हैं। नौकरी दिलाने के नाम पर और लॉटरी के नाम पर भोले भाले लोगों से ठगी किया करते हैं। पुलिस ने मोहनपुर थाना अंतर्गत चौपा स्थित जंगल झाड एवं सारवां थाना अंतर्गत गोरेमारा जंगल में छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी की है।

अभियुक्त का नाम व पता

अजय कुमार दास उम्र 26 वर्ष पिता अर्जून दास सा० चारघरा थाना सारवां

अजरूद्दीन अंसारी उम्र 31 वर्ष पिता रहमान मियां सा० ललुवाडीह थाना सारवां

जमरूद्दीन अंसारी उम्र 31 वर्ष पिता निजाम मियां सा० ललुवाडीह थाना सारवां

बुद्दीन अंसारी उम्र 31 वर्ष पिता हबीब मियां सा० ललुवाडीह थाना सारवां

सद्दाम अंसारी उम्र करीब 35 वर्ष पिता अयुब अंसारी सा० बरमतरा थाना सारवां

सरोज कुमार उम्र करीब 20 वर्ष पिता निलाम्बर मांझी सा० कटवन थाना मोहनपुर

कुन्दन कुमार उम्र करीब 23 वर्ष पिता महेन्द्र यादव साo जितनाकनारी थाना सारवां सभी जिला देवघर।

राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह के आधार पर 92588 मामले का निष्पादन किया गया

देवघर कोर्ट परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें 16 बेंचों के माध्यम से 92588 मामलों का सुलह के आधार पर निष्पादन किया गया।

साथ ही विभिन्न मामलों में 32, 21, 47,878 रुपयों पर समझौता तय हुआ व लाखों रुपये की वसूली हुई। मामलों की सुनवाई के लिए अलग-अलग 16 बेंच गठित किए गए थे, जिसमें न्यायिक पदाधिकारियों के अलावा डालसा से जुड़े अधिवक्ता व न्यायालय के लोक अदालत में मौजूद डालसा से जुड़े अधिवक्ता, कर्मचारी व अन्य कर्मचारी मौजूद थे। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत पक्षकारों का सुलह का सबसे सरल माध्यम है। लोक अदालत में दोनों पक्ष आते हैं व आपसी सहमति से मुकदमों का निष्पादन कराते हैं, जिससे दोनों पक्षों के बीच सौहार्द बना रहता है ।

राष्ट्रीय लोक अदालत से न्यायालय में बढ़ रहे मुकदमों का बोझ कम होगा

डालसा सचिव एसएन बारा ने कहा कि लोक अदालत हर माह लगती है, जबकि हर तीन माह में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होता है, जिसमें व्यापक पैमाने पर मामलों का निष्पादन होता है। इससे न्यायालय में बढ़ रहे मुकदमों का बोझ कम होता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में पक्षकारों को राजी करने में अधिवक्ताओं की महती भूमिका रहती है। व्यापक पैमाने पर मामलों के निष्पादन हुआ, जो जागरूकता का प्रतीक है। जो मामले हुए निष्पादित राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सबसे अधिक 43,458 रेवेन्यू के केस निष्पादित किए गए। पश्चात क्रिमिनल निष्पादित हुए मामले रेवेन्यू केस संख्या 43,458 अन्य मामले 36,490 वाटर बिल 1,820 जमीन अधिग्रहण 469 बैंक ऋण 388 बिजली चोरी के केस 240 चेक बाउंस केस 55 मेट्रीमोनियल केस 17 क्लेम केस 1 कुल 92,588 कंपाउंडेबुल के 36,490 मामलों में सुलह हुआ। अन्य मुकदमों की संख्या 9,651 हैं। मोटर एक्सीडेंट क्लेम के एक केस का निष्पादन किया गया और दावाकर्ताओं को पांच लाख रुपये का चेक दिया गया।

Deoghar PM Aawas। पीएम आवास योजना में छटनी 3 हजार लाभुकों का नाम हटाया गया

देवघर जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना में छटनी की गई और आवास प्लस की प्रतीक्षा सूची से देवघर जिला से 3734 लोगों के नाम हटा दिए गए है।

इसमें तीन हजार लोगों ने पीएम आवास योजना का लाभ लेने के लिए फर्जी तरीके से मनरेगा का जॉब कार्ड बनाकर पोर्टल इंट्री करा दी थी। वही 734 लोगों के नाम पक्के मकान, सरकारी नौकरी व अन्य आवास योजना जैसे अम्बेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना का लाभ प्राप्त करने के कारण प्रतीक्षा सूची से हटा दिया गया।

48 हजार लाभुकों की सूची तैयार

देवघर जिले में कुल 48 हजार पीएम आवास प्लस की प्रतीक्षा सूची तैयार की गई है। इस प्रतीक्षा सूची से ही आवेदकों के नामों का चयन किया जा रहा है। प्रतीक्षा सूची की जब जांच करायी गयी तो कुल 3734 लोग पीएम आवास का लाभ लेने के योग्य नहीं पाए गए । वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस की प्रतीक्षा सूची तैयार कराई गई थी, लेकिन लंबे समय तक पीएम आवास का आवंटन बंद था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जब आवंटन मिला तो 3734 लोगों का नाम अयोग्य मिल गया। प्रखंडवार हटाये गये नामों की संख्या देवघर 91 मोहनपुर 813 देवीपुर 165 पालोजोरी 270 करौं 231 मधुपुर 319 मारगोमुंडा 40 सारठ 849 सारवां 446 सोनारायठाढ़ी 510 मारर्गोमुंडा में 40 ।

सबसे अधिक सारठ में 849 वही दूसरे नंबर पर मोहनपुर

देवघर उपायुक्त विशाल सागर ने जांच रिपोर्ट के बाद उक्त सभी 3734 लोगों का नाम सूची से हटाने का निर्देश दिया है। जिला के सभी 10 प्रखंडों से आए रिपोर्ट के बाद उक्त लोगों के नाम सूची से हटाया गया है। जांच में पाया गया है कि जिन लोगों के पास पक्के मकान था उन लोगों ने भी पीएम आवास योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन डाल दिया। स्थलीय जांच में उक्त आवेदक के पक्के मकान पाए गए। इसमें सबसे अधिक सारठ प्रखंड में 849 लोगों को अयोग्य पाया गया है, जहां अधिकत्तर लोगों ने मनरेगा का फर्जी जॉब कार्ड नंबर डालकर कर आवेदन दिया था। मोहनपुर प्रखंड में भी 813 लोगों ने फर्जी जॉब कार्ड नंबर की इंट्री जांच में पकड़ी गई है सबसे कम मारर्गोमुंडा में 40 आवेदन फर्जी तरीके से किए गए थे ।

राज्य से बाहर काम करने वाले अपना निबंधन श्रमाधान पोर्टल पर में अवश्य कराए :- संजय यादव मंत्री

देवघर मुख्यमंत्री झारखण्ड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष’’ अन्तर्गत प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सारवाँ द्वारा प्राप्त आवेदन स्व0 जर्नादन हाजरा, ग्राम- ठाढ़ी, पंचायत- डहुआ, प्रखण्ड- सारवाँ, जिला- देवघर।

जो तामिलनाडू के ताम्बरम शहर में काम कर रहे थे, उनकी मृत्यु संदिग्ध अवस्था में हो गई तथा उनके पार्थिव शरीर को लाने हेतु उक्त कोष से श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड, सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव द्वारा उनके आश्रित पत्नी आरती देवी को 50,000/- (पचास हजार) की राशि चेक के माध्यम से लाभान्वित किया गया। आगे मंत्री द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि जो भी श्रमिक झारखण्ड राज्य से बाहर काम करने जाते हैं, वह अपना निबंधन श्रमाधान पोर्टल पर में निश्चित रुप से करवा लें।

मुख्यमंत्री झारखण्ड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष

ज्ञात हो कि अन्तर्राज्जीय प्रवासी मजदूरों को अन्य दूसरे राज्य में प्रवास पर जाने से पहले अपना निबंधन पास के श्रम कार्यालय में जा कर या ऑनलाईन माध्यम से स्वंय भी निबंधन किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि अन्तर्राज्जीय प्रवासी कर्मकारों को प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना में मृत्यु होने तथा स्थायी या पूर्ण रूप से अशक्त होने की स्थिति में पंजीकृत प्रवासी कर्मकारों को 2,00,000 मात्र का भुगतान आश्रितों लाभुकों को किया जाएगा तथा अपंजीकृत प्रवासी कर्मकार लाभुकों को 1,50,000 का भुगतान आश्रितों व लाभुकों को किया जाएगा। वही दुर्घटना में दो आंखों या दो अंगों की हानि होने पर पंजीकृत प्रवासी कर्मकार लाभुकों को 2,00,000 मात्र का भुगतान तथा अपंजीकृत प्रवासी कर्मकार लाभुकों 1,50,000 मात्र का भुगतान आश्रितों व लाभुकों को किया जाएगा।

युवक का शव मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश ह”त्या की जताई आशंका, सड़क जाम

हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में सिमरा रेस्ट हाउस के समीप कुएं से अहले सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया था ।

देखने से प्रतीत हो रहा था कि युवक की पत्थर से कुचल कर हत्या कर कुएं में डाल दिया गया है इसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित होकर बड़कागांव मुख्य सड़क को जाम कर दिए हैं । सड़क जाम को छुड़वाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से लगी हुई है जिसमें उन्होंने मुआवजा देने की बात मानी है । देर शाम को सड़क जाम को हटाया गया। सड़क जाम के कारण लोगों को आवा जाहि में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हजारीबाग के सदर डीएसपी सह आईपीएस अमित कुमार ने बताया कि एक टीम का गठन किया गया है स्थानीय सीसीटीवी की जांच की जा रही है जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा । स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि हजारीबाग में नशाखोरी बढ़ रही है जिस तरह से जिसके चलते इस तरह की घटना घट रही है इसको देखते हुए मेरी स्थानीय लोगों से अपील होगी कि आपको कहीं भी नशाखोरों की सूचना मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें । मौके पर हजारीबाग के सदर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती भी पहुंचे हैं, लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया और जाम हटवाया।

कल शाम 4 बजे से 7:30 तक जिला प्रशासन द्वारा युद्ध की स्थिति का मॉक ड्रील किया जायेगा

साहेबगंज गृह मंत्रालय भारत के निर्देश पर 7 मई को शाम 4 बजे से 7:30 तक जिला के तीन स्थानों पर जिला प्रशासन द्वारा युद्ध की स्थिति का मॉक ड्रील किया जायेगा।

जिसमे शाम 6:30 से 7:30 तक कई इलाकों में ब्लैक आउट होगा. जिस दरमियान उस एरिया में किसी प्रकार का लाइट नहीं जलेगा. इस सम्बन्ध में साहिबगंज उपायुक्त हेमंत सती ने प्रेस वार्ता कर बताया की आपात स्थिति में हम किस प्रकार व्यवहार करेंगे. उसकी जानकारी आम लोगो को दी जाएगी. इस मॉक ड्रील में पुलिस, अग्निशमान, हेल्थ, परिवहन, बिजली के अलावे कई विभाग शामिल होंगे. जो लोगो को आपात स्थिति में कैसा व्यवहार करना हैं ये बताएँगे. आपात सायरन किस प्रकार बजेंगे. साहिबगंज में यह मॉक ड्रील सकरीगली स्थित बंदरगाह, शहर के साहिबगंज कॉलेज के पास मुख्य मार्ग पर और साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर किया जायेगा. इस दौरान चिकित्सा से लेकर सभी विभाग अलर्ट मोड में रहेंगे. विधिवत रूप से सायरन बजाया जायेगा, शेड़ो कण्ट्रोल रूम बनाया जायेगा. वही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया की पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा से सम्बंधित जानकारी साझा करेंगे. पुलिस के द्वारा आपात स्थिति में सिविल डिफेन्स कैसे काम करेंगे इन सारी बातो की जानकारी दी जाएगी. इस मॉक ड्रील में आम जानता की भागेदारी भी होंगी।

एसीबी की बड़ी कार्यवाही म्यूटेशन के नाम पर रिश्वत लेते कर्मचारी को किया गिरफ्तार

लातेहार में म्यूटेशन के नाम पर 10 हजार रूपये रिश्वत लेते एक कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

आवेदक संतोष कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष, पिता श्याम किशोर साव, ग्राम–अम्बाकोठी, थाना + जिला – लातेहार के द्वारा इस आशय का आवेदन दिया गया कि इनका जमीन जिसका खाता नम्बर 38, प्लॉट संख्या – 708 रकबा 80 डिसमील है का म्यूटेशन करवाने के लिए जब ये लातेहार अंचल गए तो वहाँ कर्मचारी सुशील कुमार के द्वारा जमीन के म्यूटेशन करने के एवज में 12,000 रू० (बारह हजार ) घूस की मांग की गई जब आवेदक के द्वारा अनुरोध किया गया तो आरोपी 10,000 ( दस हजार) रू० पर तैयार हो गये और बोले कि अगर पैसा आज देते है तो आज से ही काम शुरू कर देगे। आवेदक घूस देना नहीं चाहते थें इसलिए इनके द्वारा एक लिखित आवेदन पुलिस अधीक्षक, भ्र०नि०ब्यूरो पलामू को दिया गया। उक्त आवेदन में लगाये गये आरोप का आदेशानुसार सत्यापन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू के द्वारा किया गया। जिसमें आरोपी कर्मचारी सुशील कुमार लातेहार अंचल जिला – लातेहार के द्वारा आवेदक से जमीन के म्यूटेशन करने के एवज में 10,000 /- रू० रिश्वत मांगने की बात सत्य पायी गयी । तत्पश्चात् आवेदक के आवेदन एंव सत्यापनकर्ता के सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर भ्र०नि०ब्यूरो, पलामू थाना काण्ड सं0-04 / 2025, दिनांक – 05.05.2025 धारा – 7 (a) P. C (Ammendment) Act 2018 पंजीकृत किया गया। और 06.05.2025 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पलामू के धावादल के द्वारा दण्डाधिकारी एवं दो स्वतंत्र साक्षी के उपस्थिति में प्राथमिकी अभियुक्त सुशील कुमार, उम्र-लगभग 57 वर्ष, पिता स्व० राधा कृष्ण प्रसाद, ग्राम – बालुमाथ, पोo +थाना- बालूमाथ, जिला – लातेहार, स्थाई पता- ग्राम + पोo + थाना-चन्दवा, जिला लातेहार सम्प्रति राजस्व कर्मचारी, हल्का नं0-5, अंचल कार्यालय लातेहार, जिला – लातेहार को आवेदक संतोष कुमार से 10,000 /- (दस हजार) रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।’

बिहार के एक व्यक्ति को बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों ने पीटा , हुई मौ”त

साहेबगंज बोरिया में बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को मिलकर पिटाई कर दी। जिसमे उक्त व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद साक्ष्य छुपाने के इरादे से शव को गांव के ही जंगल में दफना दिया।

इसका खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई ने इसकी सुचना साहिबगंज पुलिस को दी। जिसके बाद आज मजिस्ट्रेट की उपस्तिथि में शव को बोरियो थाना क्षेत्र के असनबोना गांव के जंगल से क़ब्र खोद कर निकला गया। जिसकी पहचान रंजन सोनी पिता परमेश्वर साह, एकडारा शिवनारायणपुर थाना बुद्धूचक जिला भागलपुर बिहार के रूप में हुआ। घटना के सम्बन्ध में मृतक के भाई राहुल कुमार बताते हैं की उनका भाई 26 अप्रैल 2025 दिन शनिवार को अपने एकडारा स्थित घर से निकला था. जिसके बाद वह घर नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने तलाशी शुरू की तो उन्हें साहिबगंज में होने की सुचना मिली जिसके बाद वे लोग पुलिस को जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई. इधर इस पूरा मामला के सम्बन्ध में डी एस पी मुख्यालय विजय कुमार कुशवाहा ने बताया की बोरियो थाना क्षेत्र के असनबोना गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर शव छुपाने की जानकारी मिली इसके बाद बोरियो थाना पुलिस मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में क़ब्र से शव को निकलकर पोस्ट मर्डम के लिए सदर अस्पताल भेजा. वही पुलिस इस मामले में 10 लोगो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. डीएसपी ने बताया की असनबोना गांव में एक संदिग्ध को देखने के बाद गांव वालों ने इससे पूछा कौन हो तो मृतक ने बताया की हम मोती का हार बेचते हैं लेकिन उसके पास कोई हार नहीं था. जिसकारण गांव के युवक सब बच्चा चोर समझकर पिटाई कर दी. जिसमे उक्त युवक की मौत हो गई. जिसके बाद सभी गांव वालों ने शव को छुपाने के लिए मिट्टी में दफना दिया. इस मामले में उनके भाई राहुल कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर कांड दर्ज करते हुए सभी को जेल भेज दिया।

श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन , AI से ली जाएगी मदद

देवघर झारखंड सरकार के मंत्री नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में आयोजित आगामी राजकीय श्रावणी मेला, 2025 की तैयारियों को लेकर किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन देवघर परिसदन के सभागार में किया गया।

इस दौरान उपायुक्त देवघर विशाल सागर एवं उपायुक्त दुमका ए० डोडे ने एक-एक कर विभागवार मेला क्षेत्र में किये जाने वाले विभिन्न कार्यों के अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व नये तकनीकों के उपयोग से अवगत कराया।इसके अलावे बैठक के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार द्वारा जानकारी दी गयी कि 11 जुलाई से 09 अगस्त तक राजकीय श्रावणी मेला की तिथि निर्धारित है। ऐसे में सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में की जाने वाली तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष रूप से इंतजाम करने की आवश्यकता है, ताकि बाहर से आने श्रद्धालु सुलभ व सुरक्षित जलार्पण के साथ एक अच्छी अनुभूति प्राप्त कर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो।

भीआईपी, भीभीआईपी दर्शन पूर्ण रूप से बंद

साथ ही उन्होंने राजकीय श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर (आउट ऑफ टर्न दर्शन) भीआईपी, भीभीआईपी दर्शन पर पूर्ण रूप से बंद रहने की बात कही, ताकि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि झारखण्ड राज्य का सबसे बड़ा मेला है, ऐसे में मेला के दौरान श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ की नगरी से मधुर स्मृति लेकर वापस लौटे यह हम सभी की जिम्मेवारी व जवाबदेही है। आगे राजकीय श्रावणी मेला के दौरान की जाने वाली तैयारियों की विभगार समीक्षा के क्रम में विद्युत आपूर्ति, पथ निर्माण विभाग, नगर निगम, जनसम्पर्क विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति खेल कूद एवं युवा कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, भवन प्रमंडल एवं पुलिस विभाग द्वारा किये जाने वाले कार्यों पर विस्तृत चर्चा करते हुए ससमय सभी कार्यों को पूर्ण करने का निदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया गया। समीक्षा बैठक में सम्पूर्ण मेला क्षेत्र अन्तर्गत सुरक्षा के दृष्टिकोण से बनाये जाने वाले ओ०पी०, ट्रैफिक ओ0पी0, स्वास्थ्य केन्द्र, सूचना सह सहायता केन्द्र, विद्युत केन्द्र, पर्यटन केन्द्र, मातृत्व केन्द्र, के अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बनाये जाने वाले टेंट सीटी, मेला क्षेत्र में शौचालय, पेयजल, स्नानगृह, कूड़ेदान, साफ-सफाई व कचड़ा उठाव की व्यवस्थाओं को चौबिसों घंटे दुरूस्त रखने का निदेश दिया।

क्यू आर कोड के माध्यम से फीडबैक सिस्टम को डेवलप करने का दिया आदेश

साथ ही मेला क्षेत्र में पथ प्रकाश, साज-सज्जा, तोरण द्वार एवं विद्युत आपूर्ति को लेकर सुरक्षात्मक उपायों के अलावा वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था की स्थिति को दुरूस्त करने का आदेश दिया। आगे उन्होंने मेला क्षेत्र में क्यू आर कोड के माध्यम से फीडबैक सिस्टम को डेवलप करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को होने वाली समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया जा सके, जिसके पश्चात संबंधित विभाग के द्वारा त्वरित समस्याओं का निराकरण किया जा सके। इसके अलावे गर्मी को ध्यान में रखते हुए इंद्र वर्षा, मिस्ड कूलिंग सिस्टम की संख्या बढ़ाने के साथ मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और भी बेहतर करने की दिशा में कार्य करने का निदेश दिया।

आगे समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने अपने अपने आवंटित कार्यों के अलावा किये जाने वाले कार्यों को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंता को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। साथ ही आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2025 हेतु विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अपराध नियंत्रण, वाहनों का पड़ाव स्थल, सुविधाजनक रूटलाईन के साथ साथ यातायात की सुव्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु बाबा नगरी में सुगम जलार्पण कर एक मधुर स्मृति व बेहर अनुभूति लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो।

ए०आई० बेस्ड इन्ट्रीगेटेड मेला कन्ट्रोल रूम, ए०आई० चैट बोर्ड का भी उपयोग

श्रावणी मेला के दौरान विभिन्न आधुनिक तकनीकों का किया जायेगा उपयोग। राजकीय श्रावणी मेला के दौरान तकनीकी के क्षेत्र में ए०आई० बेस्ड इन्ट्रीगेटेड मेला कन्ट्रोल रूम, ए०आई० चैट बोर्ड-इन्फॉरमेशन फीडबैक एण्ड हेल्पलाईन, ए0आई0 बेस्ड ट्रैफिक मैनजेमेंट सिस्टम एवं लोकेशन बेस्ड एटेंन्डेंस सिस्टम व डिजिटल पवेलियम का उपयोग किया जायेगा। इसके अलावे बैठक के पश्चात उपायुक्त विशाल सागर ने मंत्री नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग सुदिव्य कुमार सोनू, देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, पर्यटन निदेशक अंजली यादव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान उपरोक्त के अलावा आयुक्त संथाल परगना प्रमंडल लालचन्द डाडेल, जेटीडीसी के एमडी, पुलिस अधीक्षक देवघर, पुलिस अधीक्षक दुमका, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर व दुमका, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), कार्यपालक अभियन्ता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, कार्यपालक अभियांत्रिकी विद्युत प्रमंडल धनबाद, कार्यपालक अभियन्ता पथ प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियांता भवन निर्माण निगम, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।

इलेक्ट्रॉनिक व्यवसाई हत्याकांड का जल्द होगा उद्भेदन : आईजी

साहेबगंज संताल परगना आईजी सोमवार को सर्किट हाउस पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वही उन्होंने चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज प्रतिनिधि के साथ वार्ता किए।

वही एसपी कार्यालय पहुंचकर जिला के सभी थाना प्रभारी के साथ बैठक किया। जिसमें इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार के हत्या मामले की समीक्षा की ओर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वही उन्होंने प्रेस वार्ता करके कहा कि सीसीटीवी में दर्ज दोनों अपराधियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही इस केस का उद्भेदन किया जाएगा। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होगा। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए एक बॉडीगार्ड दिया गया है। टाइगर मोबाइल से पुनः बाइक पेट्रोलिंग किया जाएगा। पैदल ओर बाइक से पेट्रोलिंग अब किया जाएगा। सभी बिंदुओं पर जांच किया जा रहा है। व्यवसायियों के साथ वार्ता की गई है और उनके द्वारा बताए गए बातों पर संज्ञान लिया गया है। शहर के जो भी सीसीटीवी खराब है जल्द दुरुस्त की जाएगी। केस का अनुसंधान किया जा रहा है। तेज बाइक चालक और आवाज करने वाले बुलेट चालकों, ट्रिपल लोड बुलेट चालकों पर करवाई करने ओर एमभीआई एक्ट के तहत करवाई करने का निर्देश दिया गया है।

हाई कोर्ट ने एम्स प्रबंधन से पूछा दे‌वघर एम्स में बर्न वार्ड कब तक शुरू हो जाएगा ?

रांची दुमका की चर्चित पैट्रोल छिड़कर जला देने और इलाज के दौरान मौत हो जाने के मामले को लेकर पूछा कि जब देवघर में एम्स है तो लड़की के जल जाने के बाद उसे 300 किलोमीटर दूर रांची रिम्स क्यों रेफर किया गया।

दुमका से नजदीक देवघर एम्स में क्यों नहीं इलाज किया गया । इस पर सरकार की और से कहा गया कि देवघर एम्स में इसकी सुविधा नहीं है। देवघर एम्स में बर्न वार्ड चालू नहीं है। झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ में सोमवार को देवघर एम्स में बन रहे बर्न वार्ड से जुड़े मामले की सुनवाई की। खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान इसकी जानकारी मांगी और दे‌वघर एम्स प्रबंधन को कहा गया कि बर्न वार्ड कब तक शुरू हो जाएगा। दरअसल दुमका की चर्चित पैट्रोल कांड 23 अगस्त 2022 को दुमका में एक नाबालिग को उसके कथित प्रेमी ने घर में सोते समय पेट्रोल छिड़क कर जला दिया था। इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हो गयी थी। उसे इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया था। अदालत ने यह जानना चाहा था कि जब देवघर में एम्स है तो जलने की स्थिति में करीब 300 किलोमीटर दूर क्यों रेफर किया गया। इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि एम्स देवघर में बर्न वार्ड नहीं है। बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था।

दुमका के चर्चित इस कांड में कब-क्या हुआ

23 अगस्त 2022 : सिरफिरे आशिक शाहरुख ने अपने दोस्त नईम उर्फ छोटू के साथ मिलकर घर में सो रही किशोरी के उपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई।

28 अगस्त 2022 : किशोरी ने रांची के रिम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली ।

10 सितंबर 2022: दुमका पुलिस ने 112 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की जिसमें कुल 26 गवाह भी बनाए गए थे।

16 सितंबर 2022: न्यायालय ने संज्ञान लिया ।27 सितंबर 2022: दोषियों के विरूद्ध आरोप गठित हुआ।

28 सितंबर 2022 : अभियोजन पक्ष की गवाही शुरू हुई

03 मई 2023 : आरोपियों का बयान दर्ज हुआ

9 अगस्त 2023 : बहस की कार्रवाई हुई शुरू

19 मार्च 2024 : दोनों आरोपी को अदालत द्वारा दोषी ठहराया गया।28 मार्च 2024 : इस तिथि को सजा के बिंदु पर सुनवायी हुई। कोर्ट ने आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई और 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

दो नकाबपोश अपराधी ने दुकानदार को मारी ग़ोली, मौ “त

साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित चाणक्या होटल के आगे दो अपराधियों ने रविवार की रात लगभग 8 बजे दुकान में घुस कर दुकानदार को गाली मार दी।

जिससे दुकानदार की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। इसके पहले घायल को अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार संजीव कुमार साह उर्फ गुड्डू साह अपने मकान के नीचे जीएस इलेकटोनिक्स नामक दुकान में बैठा था। तभी दो नकाबपोश अपराधी वहां बाइक से पहुंचे। दुकान में घुसते ही काला रंग का गमछा से चेहरा ढंके अपराधी ने दुकानदार को गाली मार दी। ग़ोली दुकानदार के दाहिने सीने में लगी। इसके बाद दोनों बदमाश वहां से फरार हो गए। आननफानन में स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार घटना से 10 मिनट पहले गुड्डू साह अपने पुत्री के लिए पास के ही मेडिकल से दवा लेकर दुकान लौटा था। जैसे ही गुड्डू दुकान में बैठा अपराधियों ने उसे ग़ोली मार दी। सूचना मिलते ही नगर व जिरवाबाड़ी थाना की पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के दुकानों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों बदमाशों के आने, ग़ोली मारने और फिर फरार होने का दृश्य कैद हुआ है। हालांकि दोनों ने अपना चेहरा ढांक रखा था। इधर सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार सिंह ने घटना स्थल पहुंच मामले की जांच-पड़ताल और असपास के लोगों से पूछताछ की है।

NEET परीक्षा को लेकर उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

देवघर जिले में आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर उपायुक्त विशाल सागर व पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग द्वारा सयुंक्त रूप से 04.05.2025 को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान ए.एस कॉलेज, देवघर कॉलेज व पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय रिखीया में बनाये गये परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा सम्पन्न कराने को लेकर एन0टी0ए0 द्वारा जारी दिशा निर्देश का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश संबंधित अधिकारियों व केन्द्राधीक्षकों को दिया। इसके अलावा निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त विशाल सागर ने शांतिपूर्ण, नकल विहीन, पारदर्शिता से परीक्षा को लेकर सुरक्षा के सभी इंतजाम के अलावा परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति के साथ अभ्यर्थियों के बॉयोमेट्रिक उपस्थिति, पेयजल, सीसीटीवी, शौचालय व बिजली व्यवस्था की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। आगे उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अव्यवस्था या नकल की घटना न हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखें।

कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसको लेकर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही धारा 144 के अंतर्गत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। प्रत्येक केंद्र पर एक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गयी है। इसके अलावे जिले के 05 परीक्षा केन्द्रों पर विधि-व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, वरीय अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

पेट्रोल पंप पर बस का ठहराव प्रशासन ने थमाया नोटिस, पेट्रोल पम्प का होगा अनुज्ञप्ति रद्द ?

देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दण्डाधिकारी रवि कुमार ने भारत पेट्रोल पम्प (सारवां रोड करनीबाग) परिसर में प्रतिदिन दस से पन्द्रह बसों के ठहराव एवं वहीं से नियमित रूप से बसों का परिचालन कर परिसर को अस्थायी बस पड़ाव के रूप में उपयोग में लाये जाने से जुड़े मामले को संज्ञान में लेते हुए ब-जरिये नोटिस किया गया है।

इसके अलावा अखबारों में छपी खबर और अन्य स्रोतों से पाया गया है कि पेट्रोलपंप से लगातार बसों का संचालन किया जा रहा है, जबकि पेट्रोलपंप से सटे निर्मित रेसिडेन्सी कैम्पस जिसमें हजारों की संख्या में एक जगह आमजन का स्थायी आवासन है। ऐसी स्थिति में आपके द्वारा पेट्रोल, डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण एवं विक्रय की अनुज्ञपिश या पम्प के अधिस्थापन के सुसंगत अधिनियम /नियमावली में निहित प्रावधानों यथा Explosives Act का उल्लंघन कर आमजन के जानमाल की सुरक्षा (Public Safety) से खिलवाड़ किया जा रहा है, जो नियम विरूद्ध हैं। ऐसे में नोटिस प्राप्ति के 48 घंटे के अन्दर स्पष्टीकरण समर्पित करें कि क्यों नहीं आपके पेट्रोल पम्प का अनुज्ञप्ति रद्द करने की अनुशंसा करते हुए कार्रवाई की जाय।ज्ञात हो कि देवघर में बसों का शहरी क्षेत्र से बाहर आधुनिक सुविधओं से युक्त नवनिर्मित आई0एस0बी0टी0 पड़ाव स्थल जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किया गया है एवं वही से सभी बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा अस्थायी बस पड़ाव संचालन करने वाले या नियमों का उल्लंघन करने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।