खूंटी // जिले के अड़की थाना की पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाकर दोनों आरोपितों को धर दबोचा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।पुलिस की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अड़की थाना कांड (संख्या-14/11, ST-215/14, GR-153/11) के आरोपित राबर्ट मुंडा ( 32) को गिरफ्तार किया गया।
दोनों के विरुद्ध अड़की थाना से स्थायी वारंट निर्गत था
वहीं अड़की थाना कांड (संख्या-21/11, ST-61/12, GR-223/11 ) के आरोपित मनसिद नाग उर्फ एसी मनसिद ( 35) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित 2011 से फरार चल रहे थे। इनके विरुद्ध अड़की थाना से स्थायी वारंट निर्गत था। पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी थी, लेकिन दोनों लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते फिर रहे थे। हाल के दिनों में पुलिस को इनके क्षेत्र में सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वारंटियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद थाना लाकर पूछताछ की गई तथा विधि सम्मत कार्रवाई पूरी की गई।
