
हजारीबाग// कांग्रेस की लोकप्रिय नेत्री एवं बड़कागांव की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद ने वर्तमान विधायक रौशन लाल चौधरी पर खनन कंपनियों से साठगांठ का गंभीर आरोप लगाते हुए सियासी हलचल तेज कर दी है। अम्बा प्रसाद ने आरोप लगाया कि रौशन लाल चौधरी जनता के बीच “बेचारा बनने का ढोंग” करते हैं, जबकि दूसरी ओर एनटीपीसी उनके घर निर्माण का टेंडर निकाल रही है। उन्होंने कहा—“यदि उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही, तो वे मेरे पास आएँ… मैं उनकी बात सुनने को तैयार हूँ। ”उधर, एनटीपीसी की प्रेसवार्ता में कंपनी ने साफ कहा कि उन्हें वर्तमान सांसद और विधायक का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस बयान का हवाला देते हुए अम्बा प्रसाद ने इसे दोहरी नीति करार दिया।उन्होंने वर्तमान विधायक को चुनौती देते हुए कहा“विधायक के घर निर्माण के लिए जो टेंडर निकाला गया है, उसमें एक भी ईंट नहीं लगने दूँगी। इसके खिलाफ मैं पीआईएल दायर करुँगी और सड़कों पर आंदोलन भी होगा। ”इन आरोपों के बाद बड़कागांव की राजनीति में माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक घमासान देखने को मिल सकता है।
