Bkd News Jharkhand
पुरी (ओडिशा)। विश्वप्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथयात्रा को लेकर पुरी नगरी पूरी तरह भक्तिमय हो गई है। पवित्र रथयात्रा के लिए महाप्रभु श्रीजगन्नाथ, भगवान श्रीबलभद्र एवं देवी सुभद्रा के भव्य और दिव्य रथ पूर्णतः तैयार हो चुके हैं। पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार निर्मित इन रथों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

रथयात्रा के दौरान महाप्रभु श्रीजगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान श्रीबलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ श्रीमंदिर से गुंडिचा मंदिर तक भव्य यात्रा करेंगे। इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे पुरी शहर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और मंदिर परिसर सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
हिंदू धर्म में रथयात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि महाप्रभु के रथ का दर्शन और रथ की रस्सी खींचने से श्रद्धालुओं को पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
