झारखंड की आवाज

तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने सदन में उठाया ओबीसी आरक्षण रोस्टर का मुद्दा -

तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने सदन में उठाया ओबीसी आरक्षण रोस्टर का मुद्दा

खूंटी // तोरपा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खूंटी जिला एवं सिमडेगा जिला में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय के लिए आरक्षण रोस्टर शून्य किए जाने का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने सदन की कार्यवाही के दौरान इस विषय को प्रमुखता से उठाया।

आरक्षण केवल एक नीति नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है..

विधायक ने आसन के माध्यम से राज्य सरकार से मांग की कि पूर्व की भांति दोनों जिलों में ओबीसी आरक्षण रोस्टर को अविलंब प्रभाव से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों, युवाओं एवं अभ्यर्थियों को शैक्षणिक संस्थानों तथा सरकारी नियोजन में समुचित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। इस विषय को लेकर बाद में स्थानीय पत्रकारों से उन्होंने कहा कि आरक्षण केवल एक नीति नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है, जिसका लाभ वंचित वर्गों तक पहुंचना आवश्यक है। यदि समय रहते इस विसंगति को दूर नहीं किया गया तो इससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा।सुदीप गुड़िया ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, “सामाजिक न्याय से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हर वर्ग को उसका अधिकार दिलाना ही हमारा संकल्प है। जनहित के प्रत्येक मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाना मेरा कर्तव्य है और क्षेत्रवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए मेरा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। ”इस ज्वलंत मुद्दे को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा तेज हो गई है और ओबीसी समुदाय के लोगों ने विधायक के प्रयास का समर्थन किया है।

Leave a Reply