आगामी राजकीय श्रावणी मेला, 2026 को लेकर उपायुक्त ने की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा, 24 घंटे निर्बाध बिजली और पुख्ता सुरक्षा के निर्देश
बाबा मंदिर और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए करे तैयारी:- उपायुक्त
मेला क्षेत्र में आने वाले सभी ट्रांसफार्मर की सुरक्षित तरीके से घेराबंदी सुनिश्चित करने का दिया गया निर्देश
देवघर // आगामी राजकीय श्रावणी मेला, 2026 को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकार शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से मेला क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति, बुनियादी ढांचे की मजबूती और विद्युत सुरक्षा बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि विद्युत सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए बिजली विभाग अपनी तैयारियों में पूरी सतर्कता बरते। आगे उपायुक्त ने बाबा मंदिर और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मेला क्षेत्र के सभी बिजली के खंभों की मजबूती की जांच की जाए और लटकते तारों को व्यवस्थित कर सुरक्षित ऊंचाई पर फिक्स किया जाए। वही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मेला क्षेत्र में आने वाले सभी ट्रांसफार्मर की सुरक्षित तरीके से घेराबंदी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मेला क्षेत्र के साथ भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नहीं हो ब्लैक आउट…
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि व्यस्ततम और अत्यधिक भीड़ वाले इलाकों में ‘ब्लैक आउट’ (अंधेरा होने) की स्थिति कतई पैदा न हो। इसके लिए बिजली विभाग अभी से संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करे। इन क्षेत्रों में वैकल्पिक बैकअप के साथ 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ हाई मास्क लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
आगे उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे मेला क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजकीय श्रावणी मेला शुरू होने से पहले बिजली से जुड़े सभी तकनीकी और सुरक्षात्मक कार्य हर हाल में समय पर पूरे कर लिए जाएं।
