देवघर // जिला के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बसबुटिया गांव में रविवार दोपहर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बसबुटिया निवासी मंद्रिका देवी (32 वर्ष), पति कपूरदेव यादव के रूप में हुई है।
वहीं जानकारी के अनुसार मंद्रिका देवी अपने पुराने घर से नए घर जाने के क्रम में रास्ते में स्थित एक बरगद के पेड़ के पास बारिश से बचने के लिए रुकी थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिवार में शोक का माहौल है
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बताया गया कि मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिससे परिवार में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर मोहनपुर थाना प्रभारी सालों हेंब्रम के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।
गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता प्रदान करने की मांग की है।
