हजारीबाग // पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांढ़ गांव से 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एएसपी अभियान अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी की।
तीनों आरोपियों से 25 ग्राम ब्राउन शुगर और मोबाइल बरामद
कार्रवाई के दौरान मो. रिजवान और मो. रफीक के पास से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर डांढ़ गांव निवासी छोटन साव को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 13 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने कुल 25 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, तीनों न्यायिक हिरासत में
तीनों आरोपियों के खिलाफ कटकमसांडी थाना कांड संख्या 109/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मो. रिजवान और छोटन साव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा पुलिस का अभियान
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
