देवघर // जिले में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कुण्डा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक कार्बाइन मशीन गन (CMG), दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुण्डा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधी अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर हथियार बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने कोरियासा मैदान के आसपास संदिग्ध स्थानों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गंजी के अंदर छिपाकर रखा था हथियार
गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसकी गंजी के अंदर बाईं ओर छिपाकर रखा गया एक थैला मिला। थैले की जांच करने पर उसमें काले रंग की एक कार्बाइन मशीन गन (CMG) और दो मैगजीन बरामद हुईं। इसके अलावा आरोपी के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी मिला।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार सिंह (28 वर्ष), पिता भरत सिंह, निवासी रोहिणी परमेश्वर चौक, थाना जसीडीह, जिला देवघर के रूप में की है।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सूरज कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह देवीपुर थाना कांड संख्या 137/2019, दिनांक 19 अगस्त 2019, धारा 392 भादवि के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा बांका उत्पाद थाना क्षेत्र में शराब के अवैध परिवहन से जुड़े मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बरामद सामान
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से निम्न सामान बरामद किया गया है—-
- कार्बाइन मशीन गन (CMG) — 01-
- कार्बाइन मशीन गन की मैगजीन — 02-
- I-Tel कंपनी का कीपैड मोबाइल — 01
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसी बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
