देवघर // जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच देवघर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 21 सितंबर 2026 को सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के असूरबंधा स्थित ब्लॉक के पीछे मैदान में छापेमारी की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीके से ठगी का शिकार बनाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:-
- सहादत अंसारी, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता सहजाद अंसारी-
- गुलफराज अंसारी, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता अब्बास मियां-
- सरफराज अंसारी, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता जमशेद अंसारी
तीनों आरोपी बिंझा-पिपरा, थाना सोनारायठाढ़ी, जिला देवघर के रहने वाले बताए गए हैं।
PM Kisan के नाम पर APK भेजकर मोबाइल का लेते थे एक्सेस
पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा साइबर ठगी के लिए कई तरीके अपनाए जाते थे। इनमें PM Kisan Yojana, बिजली बिल और RTO Challan के नाम पर लोगों को APK फाइल भेजना शामिल था। आरोपी लोगों को इस तरह की फाइल डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते थे और मोबाइल का एक्सेस हासिल करने के बाद ठगी करने का प्रयास करते थे।इसके अलावा आरोपी खुद को Google Pay, PhonePe और Airtel Payment Bank का Customer Care अधिकारी बताकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
Cashback का झांसा देकर ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी Customer Care प्रतिनिधि बनकर उपभोक्ताओं को Cashback या अन्य लाभ का झांसा देते थे। बातचीत के दौरान लोगों से ऐसी जानकारी या प्रक्रिया पूरी कराने की कोशिश की जाती थी, जिससे उनके साथ वित्तीय धोखाधड़ी की जा सके।
Airtel Payment Bank के नाम पर भी ठगी
पुलिस ने बताया कि आरोपी खुद को Airtel Payment Bank का अधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को विश्वास में लेते थे। इसके बाद Airtel Thanks App के माध्यम से Payment Bank कार्ड को बंद करने और फिर सहायता के नाम पर दोबारा चालू कराने का झांसा देकर ठगी करने की कोशिश की जाती थी।
मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने:- 03 मोबाइल फोन- 04 सिम कार्डबरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
छापेमारी टीम
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार रवि, साइबर थाना देवघर एवं अन्य सशस्त्र बल तथा पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी सोनारायठाढ़ी रोहित दांगी और थाना बल शामिल रहे।
देवघर पुलिस द्वारा साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस लोगों से अपील करती रही है कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड न करें और Google, PhonePe, Airtel Payment Bank अथवा किसी अन्य कंपनी के Customer Care के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करें।
