अज्ञात असामाजिक तत्वों की करतूत पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
देवघर/मोहनपुर। मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के जमुनिया चौक स्थित महान स्वतंत्रता सेनानी एवं झारखंड के वीर सपूत शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
घटना की जानकारी देवघर विधायक सुरेश पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी, जिला परिषद सदस्य गीता मंडल, राष्ट्रीय जनता दल के प्रखंड अध्यक्ष सह बंका पंचायत के मुखिया रंजित प्रधान, जमुनिया पंचायत की मुखिया अनिता टुडू, मुखिया प्रतिनिधि लखीराम सोरेन, शहीद सिद्धो-कान्हू मेला समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सोरेन तथा राजद नेता एवं समाजसेवी पुरुषोत्तम यादव समेत अन्य लोगों को दी गई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मोहनपुर थाना प्रभारी से मामले की जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
एक सप्ताह में गेट-ग्रिल और प्रतिमा के जीर्णोद्धार का आश्वासन
देवघर विधायक सुरेश पासवान ने मौके से ही प्रतिमा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर प्रतिमा स्थल पर स्टील का गेट और ग्रिल लगवाने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त प्रतिमा का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने भी प्रतिमा स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
