800 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा, 16 नियोजकों ने विभिन्न पदों के लिए की चयन प्रक्रिया
साहिबगंज: युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, साहिबगंज द्वारा सिद्धो-कान्हू सभागार में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 800 से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से विभिन्न पदों के लिए कुल 142 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वहीं, 117 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा एवं जिला नियोजन पदाधिकारी संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने अभ्यर्थियों एवं नियोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता और दक्षता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने जिला नियोजनालय की पहल की सराहना करते हुए युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

वहीं, उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा ने कहा कि जिला नियोजनालय द्वारा लगातार रोजगार मेलों का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
उपायुक्त ने युवाओं को एनएपीएस (NAPS) प्रशिक्षण एवं कौशल विकास से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। इस दौरान उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र तथा तीन अभ्यर्थियों को कौशल प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
16 नियोजकों ने विभिन्न पदों के लिए की चयन प्रक्रिया
रोजगार मेले में कुल 16 नियोजक शामिल हुए, जिनमें 10 निजी क्षेत्र के नियोजक साहिबगंज जिले से संबंधित थे। मेले में नर्स, डॉक्टर, ऑप्टोमेट्रिस्ट, कंप्यूटर ऑपरेटर, शिक्षक, फार्मासिस्ट, फैशन डिजाइनर, मैनेजर, प्रशिक्षक, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, मशीन ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड, पैकिंग एवं क्वालिटी ऑपरेटर सहित कई अन्य पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।

इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई निर्धारित की गई थी।
65 अभ्यर्थियों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
रोजगार मेले के दौरान साहिबगंज जिले के उद्योग विभाग, जेएसएलपीएस एवं आरएसईटीआई द्वारा कुल 65 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मार्गदर्शन दिया गया।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी और 142 अभ्यर्थियों के चयन को जिले में रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
