साहिबगंज। आगामी छठ महापर्व को लेकर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने अधिकारियों के साथ साहिबगंज शहरी क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान शकुंतला सहाय घाट से चानन घाट तक करीब 3 से 4 किलोमीटर क्षेत्र का जायजा लेकर घाटों की सुरक्षा, जलस्तर और कटाव की स्थिति का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान बिजली घाट, मुक्तेश्वर घाट, ओझाटोली घाट, मलाही टोला घाट, चानन घाट और कबूतर खोपी घाट सहित अन्य घाटों की स्थिति देखी गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सुरक्षित और असुरक्षित घाटों को चिह्नित करने तथा खतरनाक घाटों पर श्रद्धालुओं का आवागमन प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सुरक्षित घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही घाटों पर पर्याप्त संख्या में चौकीदार, गोताखोर और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
ओझाटोली घाट पर पानी की गहराई अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए बांस के माध्यम से वास्तविक गहराई मापने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त ने जिलेवासियों और छठव्रतियों से अपील की कि प्रशासन द्वारा असुरक्षित घोषित घाटों का उपयोग नहीं करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विजय कुमार, एसडीओ अमर जॉन आईन्द, अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू, नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
