देवघर। देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी बनकर ट्रक रोकने और चालक-खलासी को अपने वाहन में बैठाकर ट्रक लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में कथित रूप से शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक, वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिस बताकर एक तार लदे ट्रक को कागजात जांचने के बहाने रोका। इसके बाद चालक और खलासी को अपने वाहन में बैठा लिया गया। आरोप है कि ट्रक मालिक से पैसों की मांग की गई और अपराधी ट्रक लेकर फरार हो गए।

घटना के संबंध में दिल्ली निवासी रामेश्वर (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय भरत सिंह, ने मोहनपुर थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर मोहनपुर थाना कांड संख्या 178/2026, दिनांक 05 नवंबर 2026 दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई SIT, त्वरित कार्रवाई में दो गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड के उद्भेदन के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार राय (45 वर्ष), पिता भिखारी राय, निवासी गादी नवादा, थाना चकाई, जिला जमुई, बिहार, वर्तमान पता मानिकपुर, थाना जसीडीह, जिला देवघर तथा कैलाशपति मिश्रा (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय शरद कुमार मिश्रा, निवासी पुरानी बाजार, थाना झाझा, जिला जमुई, बिहार, वर्तमान पता मानिकपुर, थाना जसीडीह, जिला देवघर के रूप में हुई है।
लूटा गया ट्रक और वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर DL-01ILAH-4721) बरामद किया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-15AF-0051) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में मोहनपुर थाना प्रभारी पु०अ०नि० संदीप कृष्णा, स०अ०नि० राकेश कुमार रंजन, स०अ०नि० सुरेश कुमार रमानी, स०अ०नि० प्रमोद कुमार कुमार सहित मोहनपुर थाना के रिजर्व गार्ड और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रक लूट की घटना का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
