डीआईजी अंबर लकड़ा ने मृतक के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, नियमानुसार आर्थिक सहायता देने का दिया आश्वासन
साहिबगंज: कैटरिंग एवं टेंट व्यवसायी मुन्ना साह हत्याकांड को लेकर संथाल परगना के डीआईजी अंबर लकड़ा सोमवार को साहिबगंज पहुंचे। इस दौरान नए परिसदन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के दुकानदारों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

डीआईजी ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मृतक मुन्ना साह के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। परिजनों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में दोनों आरोपी पुलिस जवानों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस सभी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष अनुसंधान कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सर्विस रिवॉल्वर और 34 गोलियां जब्त
डीआईजी अंबर लकड़ा ने बताया कि हत्याकांड में इस्तेमाल से संबंधित आरोपी पुलिस जवान का सर्विस रिवॉल्वर, 34 गोलियां और एक खोखा जब्त किया गया है। गिरफ्तार दोनों पुलिस जवानों में एक बोकारो जिला बल में तथा दूसरा देवघर जिला बल में पदाधिकारी के अंगरक्षक के रूप में तैनात था।
पीड़ित परिवार को मिलेगी आर्थिक सहायता
डीआईजी ने मृतक के परिजनों को आश्वस्त किया कि नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों के भीतर निर्धारित प्रावधानों के तहत सहायता राशि देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एसपी कार्यालय में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
साहिबगंज एसपी कार्यालय में डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांड से जुड़े सुराग, उपलब्ध साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा गिरफ्तार दोनों पुलिसकर्मियों से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों की जानकारी ली गई।

डीआईजी अंबर लकड़ा ने स्पष्ट किया कि मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान एसडीपीओ सुशील कुमार, पुलिस निरीक्षक अमित कुमार, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
