देवघर: जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आगामी 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं झारखंड सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बूथ डे पर 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों को कवर करने का लक्ष्य
बैठक में उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि अभियान के पहले दिन यानी बूथ डे पर ही 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल किया जा सके।
उन्होंने बताया कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता बनाए रखना जरूरी है। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर टीकाकरण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश
उप विकास आयुक्त ने शिक्षा, समाज कल्याण, सूचना एवं जनसंपर्क, पंचायती राज और नगर निगम सहित सभी संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक समय पर आयोजित करने को कहा गया।
अभिभावकों से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि 22 से 24 नवंबर के बीच शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। अभियान से संबंधित जानकारी के लिए अपने नजदीकी सहिया, एएनएम या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा WHO और UNICEF के जिला प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
BKD News Jharkhand | देवघर
