
हजारीबाग// पुलिस ने नशा के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.2 किलोग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित मुल्य लगभग 42.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
मामला मुफसिल थाना क्षेत्र के मुकुंदगंज स्थित एनएच-33 पर टोयोटा शोरूम के सामने का है, जहाँ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी की। चारों आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान सचिन कुमार, राकेश कुमार मेहता, नन्कु ठाकुर और अनिल दांगी के रूप में हुई है, जो सभी चतरा जिले के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे चतरा से अफीम लेकर हरियाणा बेचने जा रहे थे।
पुलिस ने चारों के पास से चार बैग, चार मोबाइल फोन और अफीम बरामद किया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(C), 21(C) और 29 के तहत मुफसिल थाना कांड संख्या-187/25 दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमीत आनंद ने कहा कि जिले में नशाखोरी के खिलाफ सघन अभियान जारी रहेगा।