देवघर // भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्यक्रम के सफल संचालन एवं भारत सरकार द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुपालन हेतु देवघर नगर निगम कार्यालय में सहायक नगर आयुक्त सह मास्टर ट्रेनर रंजीत सिंह की अध्यक्षता में सभी नियुक्त पर्यवेक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
14 जून तक सभी मकानों की सूचिकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
बैठक में सभी पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने प्रगणकों से नियमित संपर्क एवं समन्वय स्थापित करते हुए प्रथम चरण के कार्यों को सुसंगत, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से संपादित कराएं। साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 14 जून तक सभी मकानों की सूचिकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि देवघर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कुल 341 हाउस लिस्टिंग (एचएलबी) खंडों में से अब तक 77 (एचएलबी) का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। शेष कार्यों में और अधिक गति लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य संपन्न करने पर विशेष बल दिया गया।साथ ही यह भी अपील की गई है कि अगर गणना कार्य किसी क्षेत्र में किसी कारणवश छूट गई हो तो वे सीधे निगम कार्यालय को इसकी सूचना दे सकते हैं ताकि कोई भी मकान छुटे नहीं।
बैठक में सभी पर्यवेक्षकों, जनगणना कोषांग के पदाधिकारियों, तकनीकी पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों ने भाग लिया तथा जनगणना कार्य को सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।
