झारखंड की आवाज

Blog -

Good News। एसीबी की बड़ी कार्यवाही रिश्वत लेते रोजगार सेवक गिरफ्तार

1004279986
1004279986

पलामू // भ्रष्टाचार निराेधक ब्यूराे (एसीबी) की पलामू इकाई ने छतरपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर सिलदाग पंचायत के रोजगार सेवक सुनील कुमार को छह हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।मेदिनीनगर कार्यालय लाने के बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी कर राेजगार सेवक काे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रोजगार सेवक की गिरफ्तारी के साथ एसीबी पलामू ने इस वर्ष का चौथा ट्रैप केस पूरा कर लिया है।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार छतरपुर प्रखंड के सिलदाग गांव में दो महिलाओं के नाम से ग्राम सभा के माध्यम से दीदी बड़ी योजना प्रस्तावित हुई थी। योजना की स्वीकृति देने के लिए रोजगार सेवक ने छह हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। लाभुक घूस देकर काम नहीं करना चाहते थे और उन्होंने इसकी लिखित शिकायत एसीबी पलामू कार्यालय में कर दी। शिकायत को सही पाकर कार्रवाई के लिए टीम तैयार की गई और शुक्रवार को पीड़ित के साथ सिलदाग भेजा गया। यहां जैसे ही रोजगार सेवक सुनील ने घूस की राशि ली उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

झारखंड विधानसभा में 6,450 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट पेश

ग्रामीण विकास व सामाजिक योजनाओं पर जोर

रांची // झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन शुक्रवार को राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में 6,450 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। इस अनुपूरक बजट में सरकार ने ग्रामीण आधारभूत संरचना, सामाजिक कल्याण, ऊर्जा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक जरूरतों को प्राथमिकता दी है।अनुपूरक बजट में सबसे ज्यादा प्रावधान ग्रामीण कार्य विभाग के लिए किया गया है। विभाग को 1,717.58 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे ग्रामीण सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य बुनियादी ढांचागत कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

1004274364

महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग के लिए 779 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे महिलाओं और बच्चों से संबंधित योजनाओं को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा पंचायती राज विभाग को 657.56 करोड़ रुपये और ग्रामीण विकास विभाग को 594.88 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

ऊर्जा विभाग के लिए 281.28 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए 323.94 करोड़ रुपये की मांग रखी गई है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग (गृह प्रभाग) के लिए 407.21 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा खनन एवं भूतत्व विभाग के लिए 300.21 करोड़ रुपये, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के लिए 177.97 करोड़ रुपये, जल संसाधन विभाग के लिए 159.73 करोड़ रुपये और अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के लिए 105.35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।सरकार का कहना है कि इस अनुपूरक बजट से विकास योजनाओं को गति मिलेगी और राज्य में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

झारखंड सरकार विधि‍-व्यवस्था संभालने में असफल : डॉ. नीरा यादव

1004274364

रांची // झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक नीरा यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राज्य सरकार को भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की स्थिति, जंगली हाथियों के उत्पात और विकास योजनाओं में कथित अनियमितताओं जैसे कई मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा।

नीरा यादव ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने रांची के कचहरी चौक पर एक किन्नर को सरेआम कुचलने के प्रयास की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विधि-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है।

भाजपा विधायक ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले 100 दिनों की रोजगार गारंटी थी, जिसे बढ़ाकर 125 दिन किया गया है और मजदूरी भुगतान 15 दिनों के भीतर करने का प्रावधान जोड़ा गया है। उन्होंने योजनाओं के नाम को लेकर हो रहे विवाद पर तंज कसते हुए कहा कि अनावश्यक राजनीतिक विवाद खड़ा किया जा रहा है।

जंगल और पहाड़ों के लगातार नुकसान के कारण हाथियों का उत्पात बढ़ा

इस टिप्पणी पर सत्तापक्ष के विधायकों, जिनमें मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और कांग्रेस विधायक अनुप सिंह शामिल थे, ने आपत्ति जताई, जिससे सदन में हल्की नोकझोंक हुई। विधायक नीरा यादव ने राज्य में जंगली हाथियों के बढ़ते उत्पात पर चिंता जताते हुए कहा कि जंगल और पहाड़ों के लगातार नुकसान के कारण हाथियों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हुआ है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ रहा है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए सभी राजनीतिक दलों से मिलकर काम करने की आवश्यकता बताई । इस पर राज्य के वन मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने जवाब देते हुए कहा कि यह समस्या पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों का परिणाम है। हालांकि, नीरा यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि जंगल संरक्षण के लिए सभी सरकारों को संयुक्त रूप से प्रयास करना चाहिए।

विधायक ने डोमचांच नगर निकाय चुनाव, नाली निर्माण, बिजली-पानी और स्ट्रीट लाइट से जुड़े कथित घोटालों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने इन मामलों में उच्च स्तरीय जांच की मांग की और कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई बार तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिला, जिससे सदन का माहौल गरमाया रहा।

सुप्रीम कोर्ट का आदेश- बंगाल में एसआईआर के लिए नियुक्त किये जाएं न्यायिक अधिकारी

नई दिल्ली // उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मामले पर सुनवाई करते हुए ‘तार्किक विसंगति’ सूची में डाले गए लोगों की ओर से जमा किए दावों के निपटारे के लिए राज्य के न्यायिक अधिकारियों को तैनात करने का आदेश दिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस से अनुरोध किया कि वह सेवारत और रिटायर्ड एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज स्तर के न्यायिक अधिकारियों को एसआईआर प्रक्रिया के लिए उपलब्ध कराएं।

28 फरवरी के बाद भी पूरक वोटर लिस्ट प्रकाशित कर सकती है।

उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल के कलेक्टर और एसपी को निर्देश दिया कि वे न्यायिक अधिकारियों को हर संभव मदद करें ताकि ये प्रक्रिया पूरी की जा सके। कोर्ट ने राज्य के डीजीपी को निर्देश दिया कि वे एसआईआरके काम में लगे अधिकारियों को मिलने वाली धमकियों पर की गई कार्रवाई के संबंध में हलफनामा दाखिल करें।उच्चतम न्यायालय ने कहा कि बंगाल में बड़े दुर्भाग्यपूर्ण हालत है जहां दो संवैधानिक संस्थाएं निर्वाचन आयाेग और पश्चिम बंगाल सरकार एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। दोनों के बीच विश्वास की कमी साफ नजर आती है। इसके चलते एसआईआर प्रकिया अटकी हुई है। इस असाधारण हालात के चलते हमारे पास यह फैसला लेने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं रह गया है।

उच्चतम न्यायालय ने कहा कि एसआईआर से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गयी हैं ऐसे में राज्य में वोटर्स की अंतिम सूची 28 फरवरी तक प्रकाशित करने की अनुमति दी जाती है। कोर्ट ने कहा कि निर्वाचन आयोग 28 फरवरी के बाद भी पूरक वोटर लिस्ट प्रकाशित कर सकती है।

ममता बनर्जी ने कहा था कि उन्हें कहीं इंसाफ नहीं मिल रहा है। इंसाफ दम तोड़ रहा है..

उच्चतम न्यायालय ने 9 फरवरी को राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि वो निर्वाचन आयोग के लिए काम कर रहे 8 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी को रिपोर्ट करना सुनिश्चित करें। 4 फरवरी को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद उच्चतम न्यायालय में दलीलें रखीं। ममता बनर्जी ने कहा था कि उन्हें कहीं इंसाफ नहीं मिल रहा है। इंसाफ दम तोड़ रहा है। ममता ने कहा कि उन्होंने निर्वाचन आयोग को छह पत्र लिखे लेकिन आयोग ने पत्रों के जवाब तक नहीं दिया जिसके बाद उन्हें कोर्ट आना पड़ा, मैं न्याय के लिए कहां जाऊं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि सिर्फ पश्चिम बंगाल को ही टारगेट क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब असम और अन्य उत्तरी राज्य, जहां चुनाव होने वाले हैं, वहां एसआईआर नहीं कराया जा रहा, तो फिर सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही यह प्रक्रिया क्यों अपनाई जा रही है। दूसरे राज्यों में ऐसी शर्ते नहीं रखी जाती।

ममता बनर्जी ने राज्य में एसआईआर प्रक्रिया को चुनौती दी है।

ममता बनर्जी ने राज्य में एसआईआर प्रक्रिया को चुनौती दी है। इस मामले में निर्वाचन आयोग ने ममता बनर्जी पर एसआईआर की प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। आयोग ने उच्चतम न्यायालय में दाखिल हलफनामे में कहा है कि ममता बनर्जी ने एसआईआर की प्रक्रिया को बाधित करने के लिए भड़काऊ भाषण दिया। हलफनामे में निर्वाचन आयोग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ हिंसा और धमकियों का माहौल है, जो अन्य राज्यों से अलग है। आयोग ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार, मुख्यमंत्री और प्रशासन चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ काम कर रहे हैं, जिससे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

पत्नी और साढू के बीच अवैध संबंधों से आजिज युवक ने की आत्महत्या, मुकदमा दर्ज

1004279903

नोएडा // अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने अपने जीजा और उसके सहयोगियाें के साथ मिलकर पति का उत्पीड़न किया, जिसकी वजह से पति ने आत्महत्या कर लिया। इस मामले में थाना बीटा- दो में मुकदमा दर्ज हुआ है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

थाना बीटा- दो के प्रभारी विनोद कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि बृजेश पुत्र लाल सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह जनपद बुलंदशहर के रहने वाले हैं। उनके अनुसार उनके भाई पुष्पेंद्र की शादी प्रियंका पुत्री दुर्वेश निवासी जनपद बुलंदशहर के साथ 11 माह पूर्व हुई थी। पीड़ित के अनुसार शादी की कुछ दिन बाद से ही उसके भाई और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा, जब उन्होंने अपने भाई से पूछा तो उसने बताया कि प्रियंका के अवैध संबंध उसके जीजा देवेंद्र से है, जिसके चलते प्रियंका और देवेंद्र उसका उत्पीड़न करते हैं।

ये लोग उसपर पैसे देने के लिए दबाव बना रहे हैं। पीड़ित के अनुसार इस वजह से परेशान होकर उसके भाई पुष्पेंद्र ने 16 फरवरी को अंसल गोल्फ फीलिंग निकट परी चौक के पास अपने किराए के मकान में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। वह हनी बेल्स पैलेस में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था।थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित ने इस मामले में अपने भाई की पत्नी प्रियंका, प्रियंका के जीजा देवेंद्र, जीजा सुंदर और प्रियंका के भाई सुधीर के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवस करने की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

उन्नाव दुष्कर्म : दाेषी जयदीप सेंगर को हाई कोर्ट ने कल सरेंडर करने का दिया आदेश

1004257856

नई दिल्ली // दिल्ली उच्च न्यायालय ने उन्नाव दुष्कर्म मामले में पीड़िता के पिता की हिरासत में मौत के दोषी कुलदीप सिंह सेंगर के भाई जयदीप सेंगर को 21 फरवरी को सरेंडर करने का आदेश दिया है। जस्टिस नवीन चावला की अध्यक्षता वाली डिवीजन पीठ ने जयदीप सेंगर को तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी।

जयदीप सेंगर को कैंसर के इलाज के लिए जुलाई, 2024 में अंतरिम जमानत मिली थी। जयदीप सेंगर की अंतरिम जमानत समय-समय पर बढ़ाई जाती रही है। कोर्ट ने 17 फरवरी को जयदीप सेंगर की अंतरिम जमानत नहीं बढ़ाई। हालांकि, जयदीप ने भी सरेंडर नहीं किया था। उसके बाद कोर्ट ने जयदीप सेंगर को 21 फरवरी को जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया। कोर्ट ने जयदीप सेंगर से कहा कि पहले सरेंडर करें, उसके बाद याचिका पर सुनवाई होगी। अगर सरेंडर नहीं करेंगे, तो निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। उच्च न्यायालय ने इस संबंध में स्टेटस रिपोर्ट भी दाखिल करने का निर्देश दिया।

देवघर रिमांड होम में गोड्डा के नाबालिक लड़की की मौ”त परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

1004279413
1004279413

देवघर // जिला के चरकी पहाड़ी स्थित रिमांड होम में एक युवती की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद नाबालिक युवती को आनन-फानन में देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। मामले की सूचना के बाद परिजन पहुंचे रिमांड होम। नाबालिक युवती के परिजन ने इस मौत पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है।

परिजन का आरोप : रिमांड होम में भी लड़का करता था बात

परिजनों के अनुसार मृत युवती प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में न्यायालय के आदेश पर चरकी पहाड़ी स्थित रिमांड होम में रह रही थी। गोड्डा जिला के महगामा की रहने वाली थी नाबालिक लड़की । लड़का भी गोड्डा जिला के ही डांडे का रहने वाला है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित युवक पैसा देकर लड़की से बात करता था। आगे परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़का वाला मिला हुआ है और मिलकर युवती की हत्या की गई है।

पुलिस मामले की कर रही है जांच

वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गई। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।

रांची सहित झारखंड के 13 जिलों में 24 को बारिश की संभावना

1004276470

रांची // राजधानी रांची सहित राज्य के 13 जिलों में 24 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी।विभाग ने राज्य के जिन जिलों बारिश होने का संभावना जताया है।

उनमें मध्यवर्त्ती जिले (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद) के अलावा दक्षिणी जिले (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां) शामिल है।

वहीं गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी दर्ज की गई। बुधवार को 30 डिग्री के मुकाबले गुरुवार को एक डिग्री गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।इधर, रांची सहित आसपास के इलाकों में गुरुवार को सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसामान में आंशिक बादल छाये रहे। यही वजह है कि दिन के तापमान में कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 25 फरवरी तक बादल छाये रहने की संभावना व्यक्त की है।पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.8 डिग्री और सबसे कम तापमान गुमला 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं ,गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, जमशेदपुर में 32.5 और 15.2 डिग्री, डालटेनगंज में 30.4 और 10.8 डिग्री, बोकारो में 31.5 और 13.6 डिग्री, चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और 13.1 डिग्री, खूंटी में 29.3 और 11.9 डिग्री, लोहरदगा में 28.1 और न्यूदनतम 13.9 डिग्री, लातेहार में 24.9 डिग्री और न्यूयनतम 12.9 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Jharkhand News। रसोईयों की हड़ताल के कारण शिक्षक बना रहे मध्याह्न भोजन

1004276713

खूंटी // जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोईया कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। रसोईये की अनुपस्थिति में विद्यालयों में बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराना चुनौती बन गया है। कई विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्वयं भोजन बनाकर बच्चों को खिलाने की मजबूरी हो गई है, जिससे उनकी मूल शैक्षणिक जिम्मेदारियां प्रभावित हो रही हैं।

शिक्षकों का कहना है कि पहले से ही पठन-पाठन, प्रशासनिक कार्य और ऑनलाइन रिपोर्टिंग का दबाव रहता है, ऐसे में भोजन बनाने जैसी जिम्मेदारी संभालना कठिन हो गया है। भोजन तैयार करने और वितरण में समय लगने के कारण कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। कुछ विद्यालयों में तो निर्धारित समय पर कक्षाएं भी नहीं लग पा रही हैं।रसोईयों की हड़ताल के कारण शिक्षक-शिक्षिकाओं की ओर से मध्याह्न भोजन बनाने से बच्चों की पढ़ाई पर पड़ने वाले प्रभाव के सम्बन्ध में जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील ने कहा कि सभी विद्यालय प्रबन्ध समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी हाल में मध्याह्न भोजन बंद नहीं न हो। इसके लिए सभी एसएमसी को वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

शिक्षा के नाम पर करोड़ों की ठगी: फर्जी डिग्री गिरोह का पर्दाफाश, 9 राज्यों तक फैला नेटवर्क

1004276703

कानपुर // जनपद की किदवई नगर पुलिस ने फर्जी डिग्री के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच से अधिक आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह गिरोह देश के कम से कम नौ राज्यों में सक्रिय था और 14 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों व यूपी बोर्ड के नाम पर फर्जी डिग्री व शैक्षणिक प्रमाणपत्र तैयार कर युवाओं से लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने गुरुवार को बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपित 14 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के नाम पर फर्जी डिग्री, मार्कशीट, प्रोविजनल सर्टिफिकेट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट तैयार कर रहे थे। इसके अलावा यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की नकली मार्कशीट इतनी सफाई से बनाई जाती थीं कि पहली नजर में असली और नकली में अंतर करना मुश्किल हो जाता था। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल नौकरी पाने, प्रमोशन लेने और उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए किया जा रहा था।

गिरोह किदवई नगर में ‘शैल ग्रुप ऑफ एजुकेशन’ के नाम से फर्जी कार्यालय संचालित कर रहा था। यहीं से युवाओं को बिना परीक्षा दिए डिग्री दिलाने का लालच देकर मोटी रकम वसूली जाती थी। गिरोह अत्याधुनिक प्रिंटिंग तकनीक, नकली मोहर, फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर और यूनिवर्सिटी फॉर्मेट का इस्तेमाल कर दस्तावेज तैयार करता था, जिससे ये कागजात कई बार संस्थानों की शुरुआती जांच में भी पास हो जाते थे।

आगे उन्होंने बताया कि अब तक दर्जनों, संभवतः सैकड़ों युवाओं को फर्जी प्रमाणपत्र बेचे जा चुके हैं। प्रारम्भिक जांच में करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के संकेत मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य दलालों और सम्पर्क सूत्रों के नाम सामने आ रहे हैं। पुलिस उन सभी लोगों की भी पहचान कर रही है, जिन्होंने इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया है। जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह केवल जालसाजी नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर संगठित हमला है। हमारी टीमें पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर चुकी हैं। फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर इस गिरोह को जड़ से खत्म किया जाएगा।”गिरफ्तार आरोपितों में शैलेंद्र कुमार (निवासी साकेत नगर, किदवई नगर), नागेंद्र (कौशाम्बी), जोगेंद्र (दिल्ली) और अश्वनी कुमार (निवासी शुक्लागंज, गंगाघाट) शामिल हैं। जबकि रवि उर्फ बनी (हैदराबाद), विनीत (गाजियाबाद), शुभम दुबे (छतरपुर), मयंक भारद्वाज (मणिपुर), शेखू उर्फ ताबीज (कानपुर) सहित एक अन्य अज्ञात आरोपित फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।

वहीं सीपी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की फर्जी डिग्री या प्रमाणपत्र दिलाने वाले दलालों के झांसे में न आएं और ऐसी किसी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

लाखों रुपए के ब्राउन शुगर के साथ एक को किया गिरफ्तार

IMG 20260121 203342 3

देवघर // पुलिस नशे की रोकथाम हेतु लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे के विरूद्ध की जा रही कार्रवाई में देवघर पुलिस इसके पूरे सप्लाई चेन के विरूद्ध कार्रवाई करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, देवघर के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा एक व्यक्ति को अवैध ब्राउन शुगर के 317 पुडिया के साथ पकड़ा गया, जिसकी मात्रा करीब 130 ग्राम है। पुछताछ करने पर पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम अजय मार्डी उम्र करीब 26 वर्ष पिता-दिवेश्वर मार्डी ग्राम-पलटन धौड़ा, थाना-साउथ आसनसोल, जिला-बर्द्धमान (पश्चिम बंगाल) बताया। इस संबंध में जसीडीह थाना कांड सं0-58/26 दिनांक 19.02.2026 धारा-317(5)/3(5)/BNS एवं 21(b)/22(b) NDPS Act दर्ज किया गया है । आगे कहा कि देवघर पुलिस देवघर की जनता से अपील करती है की नशा उन्मूलन में देवघर पुलिस का सहयोग करें एवं किसी भी प्रकार की सूचना देवघर पुलिस के सम्पर्क नम्बरों पर दें। देवघर पुलिस युवाओं से विशेष रूप से अपील करती है कि नशे के कारोबार से दूरी बनाये रखें। साथ ही नशे का कारोबार करने वाले अथवा नशा करने वाले के विरूद्ध देवघर पुलिस को सूचना दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।

जप्त सामान का विवरण

1. 317 अदद पॉलिथीन के पुड़िया में कुल 130 ग्राम ब्राउन शुगर
2. OPPO Reno 145g मोबाइल
3. एक रेलवे टिकट काली पहाड़ी से जसीडीह
4. दो बिडी, दो चाभी, एक ब्लू रंग का बैग, एक काला कपड़ा, 1190/- (ग्यारह सौ नब्बे) रूपये,
एक लाल रंग गंजी, एक गुलाबी रंग का कैरी बैग, एक निला रंग का जिन्स पेन्ट।

निगम चुनाव में 15 लाख की जगह 15 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च होने वाला है। : पूर्व मंत्री

1004275388

पलामू // मेदिनीनगर नगर निगम का चुनाव दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। आरोप प्रत्यारोप का दौर तेज है। इस क्रम में मेयर पद की प्रत्याशी जय श्री गुप्ता और मीना गुप्ता का अरुणा शंकर को समर्थन किए जाने पर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने गुरूवार को मेदिनीनगर के एक होटल में तंज करते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास दोनों मेयर उम्मीदवार को खरीदने के लिए यहां आए थे। 70 और 40 लाख में इन्हें खरीदा गया और समर्थन की घोषणा कराई गई।

उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा है कि वार्ड और मेयर के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री दिन-रात एक किए हुए हैं। स्टार प्रचारक फिल्म अभिनेत्री का आगमन हो रहा है। धनबल का खुल्लम खुल्ला उपयोग हो रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग किया कि चुनाव प्रचार में 15 लाख की जगह 15 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च होने वाला है। इसलिए आयोग को मामले की निष्पक्ष जांच कराए।उन्होंने कहा कि नेता बिक जाएं, लेकिन यहां की जनता कभी नहीं बिकेगी। यदि कोई जनता की कीमत लगाएगा तो उनको उनका औकात बता दिया जाएगा। सारे घटनाक्रम को जनता देख रही है और समय जल्द आने वाला है। इसका जवाब मिलेगा। त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि 1130 करोड रुपए बंदरबांट करने के लिए रखे गए हैं और उसका उपयोग इस चुनाव में धड़ल्ले से किया जा रहा है। मौके पर कांग्रेस पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और पत्नी निर्मला गिरफ्तार, ग्रामीणों में रोष

1004275361

हजारीबाग // पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। दोनों की गिरफ्तारी गुरुवार की दोपहर लगभग तीन बजे हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री पर बड़कागांव, केरेडारी, पगार ओपी सहित कई थानों में मामले दर्ज थे। पूर्व मंत्री 31 दिसंबर 2025 से एनटीपीसी के चट्टी बरियातू कोल माइंस में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। पुलिस ने धरना स्थल से ही उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले, पूर्व मंत्री अपनी बेटी और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के साथ दिल्ली गए थे, जहां उन्होंने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दिल्ली से लौटकर वे गुरुवार काे चट्टी बरियातू स्थित धरना स्थल पर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इधर ये दोनों की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों और ग्रामीणों में रोष देखा जा रहा है।

बड़ी घटना को अंजाम देने की थी तैयारी पुलिस ने हथियार के साथ सात को किया गिरफ्तार

1004275331

पूर्वी सिंहभूम // सबिना कॉलोनी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध की योजना बना रहे सात युवकों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गोलमुरी थाना क्षेत्र में की गई। मामले का खुलासा गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सबिना कॉलोनी के एक कमरे में कुछ युवक इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहे हैं।

सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही कमरे में मौजूद युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को खदेड़कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपिताें में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली डांगुडीह निवासी मो. जीशान उर्फ जीशु (26), बिष्टूपुर धतकीडीह ए ब्लॉक निवासी शेख नुमान (25), धतकीडीह न्यू डीएस फ्लैट निवासी शेख फैज (23), गोलमुरी मुस्लिम बस्ती निवासी मो. चांद शेख (25), गोलमुरी हिंदू लाइन निवासी शुभम कोहली उर्फ अनमोल कोहरी (20), मो. जुनैद रजा (20) तथा सबिना कॉलोनी निवासी परवेज आलम (32) शामिल हैं।

तलाशी के दौरान आरोपिताें के पास से एक देशी पिस्टल, सात जिंदा गोलियां, एक स्कॉर्पियो वाहन, चापड़, भुजाली, चाकू और 22,500 रुपये नकद बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात में किया जाना था। स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक की जांच की जा रही है।

प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है तथा वे किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संभावित सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है।

एसीबी ने रिश्वत लेते अमीन को किया गिरफ्तार

40b14fe6578007ddfaa91430c2bdd43a 54800475

रांची // भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रांची के सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अमीन गणेश महतो एक व्यक्ति से जमीन मापी के लिए रिश्वत की मांग कर रहा था। जिसकी लिखित शिकायत एसीबी में की गई थी।एसीबी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित रांची के सिल्ली निवासी वासुदेव महतो ने एसीबी में लिखित शिकायत दी थी कि अमीन गणेश महतो के जरिये उनकी जमीन की नापी, रिपोर्ट और नक्शा के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है। वासुदेव महतो किसी भी हाल में रिश्वत देकर काम करवाना नहीं चाहता था। इसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत एसीबी में की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी के पदाधिकारियों ने मामले की जांच की तो शिकायत सत्य पाई गई। अमीन ने वासुदेव महतो से जमीन की मापी और नशे को लेकर बड़ी रकम की मांग की थी, लेकिन वासुदेव महतो ने जब कहा कि उसके पास पैसे नहीं है तब 8000 में बात बनी। पैसे देने की बात वासुदेव महतो के जरिये एसीबी को बताई गई। इसके बाद अमीन को पकड़ने के लिए एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को रिश्वत लेते उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।