झारखंड की आवाज

Blog -

साइबर टीम ने पीड़ित के खाते में वापस कराए 70 हजार रुपये जानें रिफंड की पूरी प्रक्रिया

1004257752

मीरजापुर // गलती से अनजान खाते में भेजी गई रकम को वापस दिलाकर अहरौरा थाना की साइबर टीम ने सराहनीय पहल की है। पीड़ित के खाते से ट्रांसफर हुए एक लाख चार हजार रुपये में से 70 हजार 729 रुपये वापस कराए हैं।सोनपुर निवासी अनिल कुमार पांडेय ने 24 जनवरी को थाना अहरौरा की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे ऑनलाइन लेनदेन के दौरान गलती से बड़ी रकम अज्ञात व्यक्ति के खाते में चली गई। शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकिंग चैनलों से समन्वय कर 70,729 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए। रकम वापस मिलने पर सोमवार को अनिल कुमार पांडेय ने थाने पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया। इस दौरान उन्हें साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय मिश्र, हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल पवन गुप्ता व महिला कांस्टेबल महिमा उपाध्याय की अहम भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की सूचना तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में दें।

अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र की पृष्ठभूमि पर आधारित पेशकश, फिल्म ‘चरक’ का टीजर रिलीज

1004257657

सुदीप्तो सेन एक बार फिर चर्चा में हैं। ‘द केरल स्टोरी’ के बाद अब उनकी आगामी फिल्म ‘चरक: फेयर ऑफ फेथ’ का टीज़र जारी कर दिया गया है। टीज़र के साथ फिल्म का नया पोस्टर और रिलीज डेट भी सामने आई है। यह फिल्म भारत के ग्रामीण इलाकों में फैले अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और रूढ़िवादी मान्यताओं की पृष्ठभूमि पर आधारित है। करीब 52 सेकंड के इस टीज़र में पुरानी धार्मिक प्रथाओं और नैतिक दुविधाओं की तीखी झलक दिखाई गई है। एक ओर आस्था और भक्ति का भाव है, तो दूसरी ओर मनोकामनाएं पूरी करने के लिए छल, कपट और गलत विश्वासों का सहारा लेते लोगों का चित्रण भी नजर आता है। कम समय में ही टीज़र कई सवाल खड़े करता है और दर्शकों में जिज्ञासा पैदा करने में सफल रहा है।फिल्म का निर्देशन शीलादित्य मौलिक ने किया है। निर्माताओं के अनुसार, ‘चरक: फेयर ऑफ फेथ‘ 6 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सामाजिक मुद्दों को उठाने वाली इस फिल्म से एक बार फिर गंभीर बहस छिड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

अमेरिका के साथ व्यापार समझौता देश के किसानों के लिए खतराः कांग्रेस

1004257541

नई दिल्ली // कांग्रेस ने भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते से देश के किसानों और जैविक विविधता पर सीधा खतरा बताया। पार्टी ने कहा कि खेती, ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार की शर्तें, ये तीन सबसे अहम मुद्दे हैं, जिन पर सरकार ने देशहित को दांव पर लगा दिया है। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि छह फरवरी को जारी हुई रूपरेखा अंतरिम समझौते के पहले ही बिंदु में यह तय किया गया है कि भारत अमेरिका से खाद्य और कृषि उत्पादों का आयात बिना किसी शुल्क के करेगा।

भारत से निर्यात पर 18 प्रतिशत शुल्क लगेगा

यह भारतीय किसानों की आजीविका पर सीधा हमला है। अमेरिका से बिना आयात कर के मक्का, ज्वार और सोयाबीन ऑयल आयात होने पर भारत के किसानों को भारी नुकसान होगा। भारत में मक्का, ज्वार और सोयाबीन का बड़ा उत्पादन होता है, लेकिन अमेरिका इन फसलों का कहीं अधिक उत्पादन करता है और भारत जैसे बड़े बाजार की तलाश में है। अगर अमेरिकी उत्पाद बिना शुल्क भारत में बिकेंगे तो भारतीय किसानों का क्या होगा? उन्होंने कहा कि अमेरिका ने बांग्लादेश के साथ कपास को लेकर समझौता किया है, जिसके तहत अमेरिकी कपास और धागे से बने कपड़े पर अमेरिका में शून्य शुल्क लगेगा, जबकि भारत से निर्यात पर 18 प्रतिशत शुल्क लगेगा। सरकार ने भी अमेरिका से कपास आयात का दरवाजा खोल दिया है।

भारतीय किसानों और उद्योगों पर दोहरी मार पड़ेगी….

भारत ने 2024-25 में ही अमेरिका से 3,428 करोड़ रुपये का कपास आयात कर लिया, जबकि भारत खुद कपास उत्पादन में सक्षम है। अगर यह आंकड़ा बढ़कर 20 हजार करोड़ रुपये हो गया तो भारतीय कपास किसानों का क्या होगा। इस समझौते से तिरुपुर, सूरत, पानीपत और लुधियाना जैसे वस्त्र उद्योग केंद्रों पर सीधा असर पड़ेगा। भारत से बांग्लादेश को सालाना 24,550 करोड़ रुपये का कपास और धागा निर्यात होता है, लेकिन अब बांग्लादेश अमेरिका से आयात करेगा, जिससे भारतीय किसानों और उद्योगों पर दोहरी मार पड़ेगी।उन्होंने कहा कि समझौते में अतिरिक्त समानों का उल्लेख है, जिसका मतलब है कि खाद्य और कृषि उत्पादों के अलावा भी अमेरिका से अन्य सामान आयात होंगे। इसमें सेब, संतरा, चेरी, नाशपाती और स्ट्रॉबेरी जैसे फल हैं, जिससे भारतीय फल उत्पादक किसानों को नुकसान होगा।

सुरजेवाला ने कहा कि भारत अब तक जीएम फसलों के आयात की अनुमति नहीं देता था क्योंकि इससे बीज शुद्धता और जैविक विविधता पर असर पड़ता है, लेकिन इस समझौते के बाद प्रसंस्कृत मक्का, ज्वार, सोयाबीन और अन्य उत्पादों के आयात से भारत की जैविक विविधता पर गंभीर खतरा होगा। उन्होंने कहा कि व्यापार समझौते में गैर-व्यापार अवरोध हटाने का मतलब किसानों की सब्सिडी कम करना और जीएम फसलों को मंजूरी देना है। अमेरिका अपने किसानों को सालाना 1.45 लाख करोड़ रुपये की सब्सिडी देता है, जबकि भारत में प्रति किसान परिवार को केवल 6 हजार रुपये मिलते हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार ने अमेरिका की शर्तें मान लीं।

महाशिवरात्रि मेले में गोलगप्पा खाने से 20 बच्चे बीमार, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

1004257521

पलामू // पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत द्वारिका पंचायत के रघुआखाड़ गांव में महाशिवरात्रि मेले के दौरान गोलगप्पा खाने के बाद 20 बच्चे बीमार पड़ गए। सभी बीमार बच्चों में उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल सभी प्रभावित बच्चों का इलाज पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है और उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर रघुआखाड़ गांव में मेले का आयोजन किया गया था, जिसमें द्वारिका गांव के यादव टोला, जमुआटांड़ सहित आसपास के कई टोलों के लोग शामिल हुए थे। मेले में पहुंचे बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। इसके बाद रविवार रात से ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और सोमवार सुबह तक कई बच्चों में गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और बीमार बच्चों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र लाकर इलाज शुरू किया गया।

प्रभावित गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है।द्वारिका निवासी ध्रुव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उनका बेटा फिलहाल स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहा है।पांकी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस गांव भेजी गई थी। वहीं जिले के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गांव में करीब 100 बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 20 बच्चे बीमार पाए गए। सभी बच्चों का इलाज किया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।

स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर गांव में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने तथा मेले या सार्वजनिक स्थानों पर खाने-पीने में सावधानी बरतने की अपील की है।इधर, बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना मिलने के बाद पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता के जिला प्रतिनिधि सह नीलाम्बर पितांबरपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता ने पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर बच्चों को स्थिति की जानकारी ली। मौके पर समाजसेवी सुनील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रौशन सिंह भी मौजूद थे।

रविरंजन कुमार विक्रम ने संभाला कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त का पद

1004257445

पश्चिमी सिंहभूम // भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी रविरंजन कुमार विक्रम ने सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के 27 वें प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उनके चाईबासा मुख्यालय आगमन पर परिसदन में स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मजिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने नवपदस्थापित आयुक्त का स्वागत करते हुए उन्हें प्रमंडल की प्रशासनिक स्थिति, विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था से संबंधित विषयों की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों के साथ औपचारिक मुलाकात और संक्षिप्त चर्चा भी हुई।

पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिले और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। स्वागत कार्यक्रम के अवसर पर आयुक्त के सचिव अजय कुमार साव, अपर उपायुक्त पश्चिम सिंहभूम प्रवीण करेकट्टा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, उपनिदेशक सामाजिक सुरक्षा खुशेन्द्र सोन केशरी, नजारत उपसमाहर्ता देवेंद्र कुमार और स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष सहित अन्य अधिकारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

पत्नी की हत्या मामले में पति को आजीवन कारावास की सजा 10 हजार का जुर्माना

1004111544

देवघर // एडीजे 1 राजीव रंजन की अदालत ने दहेज के लिए महिला की हत्या मामले में दोषी को सुनाई सजा । मोहनपुर थाना क्षेत्र के जनाकी निवासी राजकिशोर मंडल ने अपनी भांजी प्रीति कुमारी की मौत का मामला 5 दिसंबर 2023 को रिखिया थाना में दर्ज कराया । रिखिया थाना कांड संख्या 222/2023 में खरगडीहा निवासी वर्तमान में बंधा थाना रिखिया पति विकास मंडल ससुर प्रभाकर मंडल सास सुनीता देवी ननद प्रतिमा देवी , विनय कुमार मंडल और मुकेश कुमार मंडल के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 120 बी और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जिसमें कहा गया था कि प्रीति कुमारी को उसके पति और अन्य परिवार के सदस्य दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित करते रहता था। और दहेज के कारण ही भांजी की हत्या कर दिया । जिसके बाद मामले में आरोप पत्र दाखिल किया और ST 157/2024 में ट्रायल शुरू हुआ। ट्रायल के दौरान गवाहों का बयान हुआ और फिर मृतिका के पति विकास कुमार मंडल को आजीवन कारावास की सजा सुनाई साथ ही 10000 रुपया का जुर्माना भी लगाया गया ।

Court News। न्यायमूर्ति से नोक-झोंक मामले में अधिवक्ता महेश तिवारी को राहत

1002153792

रांची // झारखंड उच्च न्यायालय ने न्यायमूर्ति राजेश कुमार के साथ नोकझोंक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए अधिवक्ता महेश तिवारी के खिलाफ जारी आपराधिक अवमानना की कार्यवाही समाप्त कर दी है। सोमवार को पांच जजों की पूर्ण पीठ ने अधिवक्ता की ओर से बिना शर्त माफी मांगे जाने को स्वीकार करते हुए अवमानना कार्यवाही समाप्त (ड्रॉप) करने का आदेश दिया।पिछली सुनवाई के दौरान अधिवक्ता महेश तिवारी अदालत में उपस्थित हुए और अपने आचरण के लिए बिना शर्त माफी मांगी। इसके बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सोमवार को सुनाए गए फैसले में पूर्ण पीठ ने माफी स्वीकार करते हुए उनके खिलाफ चल रही आपराधिक अवमानना की कार्यवाही समाप्त कर दी।इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय पूर्ण पीठ ने की। पीठ में न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद, न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति आनंद सेन और न्यायमूर्ति राजेश शंकर भी शामिल थे।

दरअसल, न्यायमूर्ति राजेश कुमार की अदालत में एक मामले की सुनवाई के दौरान अधिवक्ता महेश तिवारी और न्यायामूर्ति राजेश कुमार के बीच नोकझोंक हो गई थी। इस घटना को उच्च न्यायालय ने गंभीरता से लिया था। उस समय पूर्ण पीठ ने घटना से संबंधित वीडियो भी देखा था और अधिवक्ता से उनका पक्ष जानना चाहा था।प्रारंभिक सुनवाई के दौरान अधिवक्ता महेश तिवारी ने कहा था कि उन्होंने उपरोक्त बातें न्यायाधीश से पूरी तरह होश में कही थीं और उन्हें इस पर कोई खेद नहीं है। इसके बाद पूर्ण पीठ ने संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना का नोटिस जारी किया था। अधिवक्ता ने इस नोटिस को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली। हालांकि, बाद में अधिवक्ता द्वारा बिना शर्त माफी मांगने के बाद उच्च न्यायालय ने इसे स्वीकार करते हुए अवमानना कार्यवाही समाप्त कर दी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। हि. स.

शिक्षक के माता-पिता की गला रेतकर हत्या, गांव में पसरा सन्नाटा

IMG 20260216 131653

हजारीबाग // हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड के बादम पंचायत स्थित बाबूपारा गांव में राम विलास दास के घर से उनके पिता वकील राम, मां झुनिया देवी का शव बरामद किया गया है।सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घर को चारों ओर से घेर कर जांच शुरू कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक दंपती का बेटा रामविलास पेशे से शिक्षक है और वर्तमान में हजारीबाग में रहकर नौकरी करता है। गांव में चर्चा है कि हत्या बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई है, कारण कि घर में संघर्ष के ज्यादा निशान नहीं मिले हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर हत्यारे घर के भीतर कैसे दाखिल हुए।

पुलिस हर पहलु से जांच में जुटी है, वहीं गांव में डर और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी कृष्णा गुप्ता ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

पहले ही दिन सुपरहिट युवासाथी योजना, आवेदनों का लगा अंबार

1004255971

कोलकाता // राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई युवासाथी योजना को राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री का मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। राज्य के युवाओं के बीच इस योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसका प्रमाण इसके पहले ही दिन सामने आ गया।

रविवार से राज्य सरकार ने स्वनिर्भर बांग्ला शिविर के माध्यम से युवासाथी योजना में नामांकन की प्रक्रिया शुरू की। नामांकन प्रक्रिया सुबह से शाम तक चली। युवासाथी के अलावा इन शिविरों से लक्ष्मी भंडार, भूमिहीन कृषि श्रमिकों की आर्थिक सहायता और कृषि क्षेत्र में बिजली बिल माफी जैसी योजनाओं के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं। हालांकि, पहले ही दिन सबसे अधिक आवेदन युवासाथी योजना के लिए ही जमा पड़े। रविवार शाम सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिविर के पहले दिन चारों योजनाओं को मिलाकर कुल छह लाख से अधिक आवेदन जमा हुए। इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा आवेदन केवल युवासाथी योजना के लिए थे। यानी पहले ही दिन युवासाथी में लगभग पांच लाख आवेदन दर्ज हो गए।

युवासाथी योजना के तहत राज्य सरकार बेरोजगार युवक-युवतियों को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले ही स्पष्ट किया है कि यह राशि अप्रैल महीने से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा होनी शुरू हो जाएगी। पहले दिन की इस भारी प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया है कि युवासाथी योजना राज्य के युवाओं के बीच कितनी लोकप्रिय हो चुकी है। आने वाले दिनों में आवेदन संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

नेहा किस्कू बनी मिस ग्रैंड झारखंड-2026

1004253075

रांची // ब्रिकवे एंड कंपनी के तत्वावधान में स्टार एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के सहयोग से रविवार को होटल बीएनआर चाणक्य में मिस ग्रैंड झारखंड-2026 का आयोजन किया गया।इसमें मिस ग्रैंड झारखंड-2026 का खिताब नेहा किस्कू को मिला। इस प्रतियोगिता में राज्यभर से आई 12 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सबों ने जलवा बिखेरा। प्रतियोगिता में अंकिता सोनी, प्रवीना मंडल, काजल कुमारी, एंजेलिना, मानवी माही,अविश्का चांद, अलका कुमारी, सोनाली कुमारी, सौम्या पांडेय, पूनम बेक, नेहा किस्कू और अकांच्छा शॉ ने हिस्सा लिया। इन प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, टैलेंट राउंड और व्यक्तित्व आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में एमटीवी स्पिलटविला की फाइनलिस्ट अनुष्का घोष ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। वहीं, मिस ग्रांड इंडिया के नेशनल डायरेक्टर सौरव आनंद और मिस ग्रांड झारखंड की स्टेट डायरेक्टर स्टेला नारायण ने जज की भूमिका निभाई। मौके पर स्टेला नारायण ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों में सौंदर्य के साथ आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रिकवे एंड कंपनी के संस्थापक लोकेश मिश्रा, क्रिएटिव डायरेक्टर यास्मिन, को-ऑडिनेटर जुही भारती, प्रियांशु चौधरी और प्रीति कुमारी सहित अन्य ने सहयोग दिया।

भारतीय महिला टीम ने पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया

1004253011

सिडनी // भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को 21 रनों से हरा दिया। रविवार को यह मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारतीय टीम को डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) नियम के आधार पर विजेता घोषित किया गया।

मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी के लिए उतरी और तेज शुरुआत करते हुए पहले 10 ओवर में 87 रन बना लिए, हालांकि इस दौरान उसने पांच विकेट भी गंवा दिए। बेथ मूनी (5), जॉर्जिया वॉल (18), एलिस पेरी (20), एश्ले गार्डनर (4) और फीबी लिचफील्ड (26) सस्ते में आउट हो गईं।

जॉर्जिया वेयरहम ने 19 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 30 रन बनाए लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम 18 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट हो गई।भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। रेणुका सिंह ठाकुर और श्री चरणी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ को एक-एक सफलता मिली।

134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 11 गेंदों में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए। भारत ने 5.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। बाद में जब बारिश नहीं थमी तो डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारतीय टीम को 21 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिन्यूक्स ने एकमात्र विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

महिलाओं के प्रति समाज की सोच को उनकी योग्यता व प्रतिभा के बल पर बदला जा सकता है : शिल्पी नेहा तिर्की

1004252794

रांची // अखिल भारतीय बैंक ऑफ इंडिया के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कर्मचारियों के संघ की महिला शाखा का दूसरा सम्मेलन रविवार को रांची में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए राज्य की कृषि, पशुपाल एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि 21वीं सदी में भी कुछ लोग समाज को कमजोर करने और संविधान में दिए गए समानता के अधिकार के विपरीत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि महिलाओं के प्रति समाज की सोच को उनकी योग्यता और प्रतिभा के बल पर बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि घर-परिवार, समाज या कार्यक्षेत्र—हर जगह महिलाएं पुरुषों के समान कार्य करने में सक्षम हैं। इतिहास इस बात का साक्षी है कि महिलाओं ने हर दौर में संघर्ष कर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है, जिसके माध्यम से किसी भी चुनौती का सामना किया जा सकता है। कन्वेंशन को संतोषी केरकेट्टा, बिंदेश्वर प्रसाद, जेके कामले, एजे प्रबल, गुरु प्रसाद गोंड, अरुण, हरि शंकर नायक और सुनील लकड़ा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Chatra News। नाबालिग की हत्या के आरोप में तीन पर मामला दर्ज

चतरा // टंडवा थाना क्षेत्र के सिसई गांव की नाबालिग बच्ची की मौत के मामले में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतका के पिता केवल भुईया के बयान पर रविवार को तीन लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इसमें बच्ची का शव लेकर आई बिहार के पटना निवासी महिला मनीषा कुमारी, चालक सुजीत कुमार और बच्ची के एक रिश्तेदार का नाम शामिल है। इस रिश्तेदार ने ही बच्ची को पटना भेजा था।इधर, पुलिस ने मुख्य आरोपित मनीषा कुमारी और सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि सिसई निवासी केवल भुईया की नाबालिग बच्ची की पटना में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई थी। बच्ची मनीषा कुमारी के घर रहकर काम करती थी। शनिवार सुबह मनीषा बच्ची का शव लेकर सिसई गांव आई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हि.स.

शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

1004252721

कोडरमा // शादी कराने के लिए लडकी उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो आराेपित गिरफ्तार किये गए हैं। मामले में सुलोचना गंगाराम सोनुने ग्राम संभाजी, थाना जितपुर (महाराष्ट्र) ने तिलैया थाना में लिखित शिकायत कराई थी। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके परिजन और जान पहचान वाले लोगों को शादी के लिए लडकी उपलब्ध कराने के नाम पर तस्लीम अंसारी उर्फ आर्यन, साकिन हरली, सागर होटल के मालिक और मैनेजर किशोर कुमार वर्मा साकिन नवादा बस्ती थाना तिलैया, खुशबु देवी, हेमा कुमारी, रिंकी कुमारी सहित अन्य ने सुनियोजित तरीके से काफी मात्रा में पैसे की ठगी की।

इस संबंध में तिलैया थाना में मामला दर्ज किया गया। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों के विरूध कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। उक्त टीम ने तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों की गिरफ्तारी की गयी। इसमें तस्लीम अंसारी उर्फ आर्यन और सागर होटल के मालिक सह मैनेजर किशोर कुमार वर्मा शामिल हैं। पुलिस टीम की पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया है। आरोपितों ने बताया कि अधिक पैसा कमाने की लालच में दोनो ने खुशबू देवी, हेमा कुमारी, रिंकी देवी सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर लोगों को शादी के लिए लडकी उपलब्ध कराने का झांसा देकर पैसों की ठगी की।

पुलिस टीम को प्रारभिक जांच के दौरान पता चला है कि अभियुक्त सोची समझी सजिश के तहत शादी के लिए लडकी उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगो से संपर्क कर सागर होटल बुलाये और पैसे की ठगी की। पुलिस की टीम टीम ने मामले में सलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

बांग्लादेश में 17 फरवरी को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में ओम बिरला करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

1004252687

नई दिल्ली // लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, नई सरकार का नेतृत्व बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान करेंगे। तारिक रहमान हाल ही में हुए चुनाव में बहुमत मिलने के बाद सरकार बनाने जा रहे हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इस समारोह में लोकसभा अध्यक्ष की भागीदारी भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी और मजबूत मित्रता को दर्शाती है। यह दोनों देशों के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दिखाता है।

मंत्रालय के अनुसार, भारत ने बांग्लादेश में नई निर्वाचित सरकार के गठन का स्वागत किया है। दोनों देशों के बीच साझा इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान के मजबूत संबंध हैं।