झारखंड की आवाज

कोनार नदी में मिले तीन युवकों के शव, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप -

कोनार नदी में मिले तीन युवकों के शव, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

हजारीबाग // पौता स्थित कोनार नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिले तीन युवकों के शवों का रहस्य अब तक बरकरार है। मामले का खुलासा नहीं होने से मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मुफस्सिल थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

हजारीबाग ट्रिपल डेथ मिस्ट्री बरकरार, हत्या की आशंका जता रहे परिजन

परिजनों का कहना है कि पुलिस शुरू से ही इस मामले को दुर्घटना साबित करने का प्रयास कर रही है, जबकि यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया जा रहा है और दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

मृतकों के परिजनों ने एक तथाकथित यूट्यूबर सोहेल अंसारी पर भी हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने उन्हें बताया था कि 23 तारीख को मृतकों का लोकेशन भुरकुंडा में मिला था और उनके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। हालांकि अब तक उन दोनों व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

एसपी से मिले परिजन, थाना प्रभारी और अनुसंधानकर्ता पर लापरवाही व हत्यारों से मिलीभगत का आरोप

मामले को लेकर परिजनों ने केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी से भी मुलाकात कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की। मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच और शीघ्र खुलासा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।

जल्द खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले से संबंधित कुछ रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि फॉरेंसिक रिपोर्ट का अभी इंतजार है। सभी रिपोर्ट मिलने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई और मामले का खुलासा नहीं हुआ तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। इस चेतावनी के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।

Leave a Reply