देवघर। गणेश पूजा के अवसर पर हुए गोलीकांड मामले में देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। नगर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी के दौरान विशेष टीम ने आरोपी को शिवगंगा क्षेत्र के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित झा उर्फ बुशली, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता लक्ष्मी नारायण झा, निवासी शिवगंगा लेन, थाना नगर, जिला देवघर के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, गणेश पूजा के अवसर पर हुए गोलीकांड को लेकर नगर थाना कांड संख्या 389/2026, दिनांक 02 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया था। मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर देवघर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
05 अक्टूबर 2026 की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गोलीकांड का आरोपी अंकित झा उर्फ बुशली शिवगंगा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद नगर थाना पुलिस एवं विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोहे का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 396/269, दिनांक 06 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पूछताछ में गोलीकांड में संलिप्तता स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने गणेश पूजा के अवसर पर हुए गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि आरोपी वर्तमान में बाबा परिहस्त के सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रहा था।

पुलिस का आरोप है कि आरोपी हथियार के बल पर शिवगंगा क्षेत्र में दुकानदारों से रंगदारी वसूलने तथा अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कराने का काम करता था।
आरोपी पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अंकित झा के खिलाफ नगर थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं। रिपोर्ट में वर्ष 2018 से 2026 तक के कुल 11 कांडों का उल्लेख किया गया है। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, रंगदारी समेत विभिन्न धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया है। मामले में गोलीकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर देवघर तथा पु0नि0 सह थाना प्रभारी रवि ठाकुर, नगर थाना सहित पुलिस टीम के अन्य पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
