देवघर // झारखंड के विभिन्न जिला में ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए विशेष प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसको लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं पहले हम आपको जिला प्रशासन की और से जारी प्रेस विज्ञप्ति के बारे में बता देते हैं उसके बाद आपको बताएंगे कि इस कैंप में किस तरह की परेशानी हो सकती है।
10 प्रखंडों में 01 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विशेष कैंप
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर जिले के सभी 10 प्रखंडों में 01 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विशेष प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाना है, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कैंप के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल संचालन के निर्देश दिए हैं और आम नागरिकों से निर्धारित तिथि पर अपने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर लाभ उठाने तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
कैंप का प्रखंडवार कार्यक्रम:
- 📍 देवीपुर – 01 एवं 02 जुलाई
- 📍 देवघर – 03 एवं 04 जुलाई
- 📍 मोहनपुर – 06 एवं 07 जुलाई
- 📍 सारठ – 09 एवं 10 जुलाई
- 📍 सारवाँ – 11 एवं 13 जुलाई
- 📍 सोनारायठाढ़ी – 15 एवं 17 जुलाई
- 📍 करौं – 18 एवं 20 जुलाई
- 📍 मधुपुर – 22 एवं 23 जुलाई
- 📍 पालोजोरी – 25 एवं 27 जुलाई
- 📍 मारगोमुण्डा – 29 एवं 30 जुलाई
जिला प्रशासन ने जो प्रेस विज्ञप्ति जारी किया उसमें बहुत कुछ स्पष्ट नहीं है।
एक लाइसेंस के लिए जो जरूरी प्रक्रिया है पहले उसे समझें
- परिवहन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन
- आवेदन के साथ जरूरी कागजात पहचान पत्र, उम्र से संबंधित कागजात, पता से संबंधित कागजात , फोटो और ब्लड ग्रुप
- कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा जिसमें ट्रैफिक से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। पास होने के बाद
- उसके बाद लर्निंग लाइसेंस के लिए फोटो खींचाना पड़ता है।
- लर्नर लाइसेंस जारी होने के 30 दिन बाद और 6 महीने के भीतर स्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन करना पड़ता है ।
- आवेदन के बाद फिर ड्राइविंग टेस्ट देनी होती है और इस टेस्ट में पास होने के बाद लाइसेंस जारी होता है।
ये मुख्य सवाल है
- प्रत्येक कैंप में प्रतिदिन कितने आवेदन लेने का लक्ष्य है ?
- कितने अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे ?
- क्या ड्राइविंग टेस्ट भी प्रखंड में होगा या केवल आवेदन स्वीकार किए जाएंगे ?
- क्या लाइसेंस वहीं जारी होगा या बाद में RTO/DTO में प्रक्रिया पूरी होगी ?
