Deoghar // राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए, देवघर के मार्गदर्शन में मंडल कारा देवघर के मुलाकाती परिसर में “मुलाकात से न्याय तक” विधिक सहायता डेस्क की स्थापना की गई। डेस्क का संचालन प्राधिकरण के द्वारा आरंभ किया गया।

मुलाकात से न्याय तक : इसके संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह डेस्क कारा के बाहर स्थित है और बंदियों से मिलने हेतु आने वाले उनके परिजनों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सेवाएँ प्रदान करेगा। इस डेस्क के माध्यम से मुलाकातियों को होने वाली समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
साथ ही परिजनों को यह भी जानकारी दी जाएगी कि वे बंदियों के मामलों की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा आवश्यकता होने पर उन्हें निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाना है।
उन्होंने आगे बताया कि इस डेस्क में लीगल एड डिफेन्स काउंसिल के प्रमुख स्टैंड अप एवं डिप्टी चीफ एलएडीसी, सहायक एलएडीसी तथा पीएलवी उपस्थित रहेंगे। किसी भी बंदी को जानकारी या अधिकारों के अभाव में न्याय से वंचित नहीं रखा जाएगा। प्राधिकरण का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाना है और इसके लिए वह कटिबद्ध है।इस कार्यक्रम के दौरान कारा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
