वीरभूम // पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तारापीठ धाम में सोमवार तड़के एक होटल में भीषण अग्निकांड हो गया। थाना के पास स्थित होटल में लगी आग के दौरान सो रहे 6 श्रद्धालुओं की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घायलों को इलाज के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि श्रावण माह के अंतिम सोमवार के कारण तारापीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आसपास के होटलों में ठहरे हुए थे। इसी दौरान तड़के अचानक होटल में आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुएं ने होटल के कमरों को अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। आग और धुएं के कारण उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
कई लोग धुएं की चपेट में आकर बेहोश हो गए। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद होटल से लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल राज्य मंत्री कौशिक चौधरी भी कोलकाता से घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
तारापीठ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर हुई इस दर्दनाक घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक एवं दहशत का माहौल है।
