पुराने सदर अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, निःशुल्क दवाइयों का भी किया गया वितरण
देवघर //: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) देवघर की ओर से पुराने सदर अस्पताल परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चला, जिसका उद्घाटन देवघर के वरिष्ठतम चिकित्सक एवं सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ. के. एन. झा ने किया।
200 से अधिक मरीजों की हुई जांच
शिविर में करीब 200 वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान दंत परीक्षण, पल्स, रक्तचाप (बीपी), वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ग्लाइकोसिलेटेड हीमोग्लोबिन (HbA1c), बोन मिनरल डेंसिटी (BMD), पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) और ईसीजी जैसी विभिन्न जांचें की गईं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
कई वरिष्ठ चिकित्सकों का रहा योगदान
शिविर में राष्ट्रीय IMA के उपाध्यक्ष डॉ. डी. तिवारी, IMA झारखंड के उपाध्यक्ष डॉ. आर. एन. प्रसाद, संयुक्त सचिव डॉ. गोपाल जी शरण, IMA देवघर के अध्यक्ष डॉ. एन. सी. गांधी, कोषाध्यक्ष डॉ. गौरी शंकर, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गोपाल प्रसाद बरनवाल, डॉ. बीरेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. राजीव कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष डॉ. आनंदबर्धन, डॉ. रीता ठाकुर, संयुक्त सचिव डॉ. मंजूषा झा सहित अनेक चिकित्सकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

दंत चिकित्सा सेवाओं में डॉ. सतीश कुमार चौधरी, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. चेतना, डॉ. स्नेहा चांदनी साहा, डॉ. अंजू, डॉ. शिप्रा, डॉ. नीतू एवं अन्य दंत चिकित्सकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
डॉ. बी. सी. राय को दी गई श्रद्धांजलि
इस अवसर पर वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस भारत के महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रख्यात राजनीतिज्ञ डॉ. विधान चंद्र राय की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। उनकी जन्म एवं पुण्यतिथि दोनों 1 जुलाई को ही पड़ती हैं। वे वर्ष 1948 से 1962 तक पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री रहे और चिकित्सा तथा जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी प्रेरणास्रोत है।
शाम को होगा पारिवारिक मिलन समारोह
IMA देवघर के सचिव डॉ. संजय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार शाम IMA देवघर की ओर से पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डॉ. सिकंदर सिंह को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पुरस्कार प्राप्त करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
