
कानपुर // आईसीसी पुरुष टी20 विश्वकप 2026 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। ग्रुप ए के इस हाई-वोल्टेज मैच में दोनों टीमें जीत के इरादे से मैदान में उतरेंगी। श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम सात बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होने वाले इस मुकाबले को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। खासकर कानपुर के लाेगाें में एक अलग उत्साह है क्याेंकि इस मैच में शहर के लाल कुलदीप यादव काे मैदान पर विकेट चटकाते कम्पूवासी देखना चाहते हैं।
मैच से पहले भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के शुरुआती कोच रहे कपिल पाण्डेय ने टीम इंडिया की जीत को लेकर भरोसा जताया है। कानपुर के कमला क्लब ग्राउंड से जुड़े कपिल पाण्डेय ने कहा कि कुलदीप की फिरकी आज पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि कुलदीप अपनी चाइनामैन गेंदबाजी से मैच का रुख भारत की ओर मोड़ सकते हैं। कपिल पाण्डेय ने भारतीय टीम के संतुलन की सराहना करते हुए कहा कि बल्लेबाजी क्रम में सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं।
वहीं गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह के साथ कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती का संयोजन भारत को मजबूत बनाता है। ग्रुप ए में सुपर-8 की रेस तेज हो चुकी है, ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए निर्णायक माना जा रहा है। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे टीम का आत्मविश्वास चरम पर है। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आज होने वाले इस महामुकाबले पर टिकी हैं।
