कुबरी में दो ठिकानों पर उत्पाद विभाग की छापेमारी, 20 लीटर स्प्रिट, सैकड़ों खाली बोतलें और बाइक भी जब्त
देवघर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को देवीपुर थाना क्षेत्र के कुबरी गांव और कुबरी मोड़ के पास दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 396 लीटर अवैध विदेशी शराब, 20 लीटर स्प्रिट, करीब 500 खाली बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
कुबरी गांव में 351 लीटर विदेशी शराब बरामद
उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देवीपुर थाना क्षेत्र के कुबरी गांव में छापेमारी की। इस दौरान रंजीत कुमार (24 वर्ष), निवासी डुबा, थाना सारवां, देवघर को गिरफ्तार किया गया।

छापेमारी के दौरान मौके से 39 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 351 लीटर बताई गई है। जब्त शराब में 11 पेटी इकोनिक, 11 पेटी रॉयल स्टैग और 17 पेटी रॉयल चैलेंज शामिल हैं।
इसके अलावा 20 लीटर स्प्रिट, आठ खाली जरीकैन, करीब 500 खाली बोतलें, आठ बोरे में रखी बोतलें, खाली कार्टन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। विभाग इस मामले में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।
कुबरी मोड़ के पास दूसरी छापेमारी, बाइक जब्त
कार्रवाई के दूसरे चरण में उत्पाद विभाग की टीम ने कुबरी मोड़ के पास एक अन्य ठिकाने पर छापेमारी की। यहां से नथानी वर्मा (36 वर्ष), निवासी बनवरिया, थाना सारवां, देवघर को गिरफ्तार किया गया।

इस ठिकाने से पांच पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 45 लीटर बताई गई है। इसमें ब्लेंडर्स प्राइड की दो पेटी और रॉयल चैलेंज की तीन पेटी शामिल हैं। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
कई अन्य आरोपियों के खिलाफ भी मामला दर्ज
उत्पाद विभाग के अनुसार, कुबरी गांव में हुई कार्रवाई के मामले में गिरफ्तार रंजीत कुमार के अलावा बिनोद यादव उर्फ गुड्डू यादव, संतोष किस्कू उर्फ संतोष सोरेन, मंटू यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, कुबरी मोड़ के मामले में नथानी वर्मा के अलावा प्रमोद वर्णवाल, बिनोद यादव उर्फ गुड्डू यादव और पंकज वर्णवाल को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विभाग फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहा है।
उत्पाद विभाग की टीम रही शामिल
इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग देवघर के अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार और निलेश कुमार सिन्हा, सहायक अवर निरीक्षक अवधेश कुमार, परमेश्वर मुर्मू और दशरथ मंडल, उत्पाद सिपाही राहुल कुमार तथा सशस्त्र गृहरक्षक के जवान शामिल थे।
जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
