चतरा // पुलिस ने हंटरगंज थाना क्षेत्र में लूट की बड़ी वारदात को समय रहते विफल कर दिया। एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना पर सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष टीम ने डुमरिया स्कूल परिसर में छापेमारी कर अंतरराज्यीय गिरोह के 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में गया, बिहार के गौतम कुमार उर्फ गौतम पासवान, प्रवीण कुमार, फतेहपुर के विकास मांझी और चतरा के चिंटू कुमार उर्फ गोरा पासवान शामिल हैं। इनके पास से 2 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, 2 बाइक और 2 मोबाइल बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने हंटरगंज इलाके में बड़ी लूट की योजना स्वीकार की।
एसपी ने बताया कि ये अपराधी झारखंड-बिहार के बॉर्डरिंग क्षेत्र में सक्रिय थे। घटना के बाद राज्य बदलकर छिप जाते थे। गौतम पर 9, चिंटू पर 8 और प्रवीण पर 1 मामला दर्ज है। विकास बिहार पुलिस को 4 मामलों में वांछित था। हंटरगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया है। फरार साथियों की तलाश जारी है।
