देवघर // जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 22 जुलाई 2026 को होने वाली BLO और BLA-2 की तीसरी संयुक्त बैठक की तैयारियों पर चर्चा की गई।
22 जुलाई को होगी BLO और BLA-2 की तीसरी संयुक्त बैठक
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से 22 जुलाई को बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की संयुक्त बैठक आयोजित होगी। इसमें मृत, दोहरी प्रविष्टि वाले और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा नए पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं, के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर समन्वय स्थापित किया जाएगा।

शहरी क्षेत्रों में लगाए जा रहे विशेष शिविर
ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी क्षेत्रों में कार्य की गति बढ़ाने के लिए 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में BLO और स्वयंसेवक छूटे हुए मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध कराने तथा मैपिंग कार्य पूरा करने में जुटे हैं।
इन पांच श्रेणियों के मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं होंगे शामिल
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो पाया है, उनके मामलों में पूरी सावधानी बरती जाए। निम्नलिखित पांच श्रेणियों के मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे—पहले से पंजीकृत (D)मृत (D)स्थायी रूप से स्थानांतरित (S)पता न चलने वाला/अनुपस्थित (A)EF पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने वालेसाथ ही BLO को निर्देश दिया गया कि EF के दोनों पृष्ठ, आवश्यक टिप्पणियों एवं दस्तावेजों के साथ हस्ताक्षरित रूप में ECINET पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं।
विशेष गहन पुनरीक्षण की समय-सारणी
- घर-घर सत्यापन 30 जून से 29 जुलाई 2026
- मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन: 29 जुलाई 2026 तक
- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन: 5 अगस्त 2026
- दावा एवं आपत्ति अवधि: 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026
- दावों एवं आपत्तियों का निपटारा: 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 7 अक्टूबर 2026
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
