■ उपायुक्त की अध्यक्षता में जनता दरबार का किया गया आयोजन….
उपायुक्त ने प्राथमिकता के आधार पर नेत्रहीन युवक को अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने का दिया आदेश
नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए सार्वजनिक गली पर अतिक्रमण से जुड़े मामलें में जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश….
आंगनवाड़ी केंद्र में सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता से जुड़े मामले में जांच करने का आदेश
देवघर// जिलावासियों के समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने जनता दरबार में भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान से संबंधित, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन, आवास से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। साथ ही उपायुक्त द्वारा वहां उपस्थित सभी लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएँ सुनी गयी एवं आश्वस्त किया गया कि संज्ञान में आए हुए सभी शिकायतों की जाँच कराते हुए जल्द से जल्द सभी का समाधान किया जाएगा। वहीं जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से संबंधित मामलों को ऑन स्पॉट निराकरण संबंधित विभाग द्वारा किया गया।

इसके अलावा जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने देवघर जिले के गिधनी पंचायत निवासी नेत्रहीन श्रवण कुमार मांझी को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारी को अंबेडकर आवास योजना से जोड़ते हुए उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराने का निर्देश दिया। आगे मोहनपुर प्रखंड के मोरने ग्राम की निवासी मुतापसा खातून ने आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप से जुड़े मामले को संज्ञान में लेते हुए उप विकास आयुक्त को मामले की जांच करने का निर्देश दिया, ताकि आंगनवाड़ी केंद्र में स्थानीय और योग्य उम्मीदवार का चयन किया जा सके। वही जसीडीह निवासी आजाद मियां के आवेदन पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने सहायक निर्देशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को निर्देशित किया कि झारखंड मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लंबित बकाया राशि से जुड़े मामलें की जांच कर भुगतान किया जाए।
इसके अतिरिक्त बीएन साह रोड निवासी के जुड़े आवेदन पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने नगर आयुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी को नगर निगम देवघर से बिना स्वीकृत नक्शा मकान निर्माण करने एवं सार्वजनिक गली भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े मामलें में जांच कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार के दौरान जिले के सारवां प्रखंड अंतर्गत ग्राम सिरसा (टोला सिबलियाटांड़, पंचायत बंड़ाजोरी) से जुड़े मामलें में कार्यपालक अभियंता पीएचडी को निर्देश दिया कि पेयजल समस्या का शत प्रतिशत निदान सुनिश्चित करते हुए उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराएं। इसके अलावा जनता दरबार के दौरान मधुपुर निवासी खालिद के आवेदन पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने डेयरी फार्म व्यवसाय को लेकर गव्य विकास योजना से जोड़ने का निर्देश गव्य विकास पदाधिकारी को दिया। इसके साथ ही, उपायुक्त ने आम जनता और विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त शिकायतों व ज्ञापनों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित सुनवाई करते हुए मामलों का निष्पादन करने को कहा गया है। लापरवाही बरतने वाले या मामलों को लंबित रखने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जनता दरबार में पहुँची सारवां प्रखंड की बच्ची; उपायुक्त ने कैरियर काउंसिलिंग कर बढ़ाया हौसला, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
आज जनता दरबार में सारवां प्रखंड की एक छोटी बच्ची अपनी समस्याओं के बजाय उपायुक्त से मार्गदर्शन और बातचीत का समय मांगने पहुँची। बच्ची के इस अनूठे और सकारात्मक प्रयास को देख उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न सिर्फ उससे आत्मीय बातचीत की, बल्कि उसकी हौसला अफजाई भी की।

बच्ची से संवाद के दौरान उपायुक्त ने उसकी रुचि और आगे की पढ़ाई को लेकर विस्तार से जानकारी ली। बच्ची के उज्ज्वल भविष्य और उसकी प्रतिभा को सही दिशा देने के उद्देश्य से उपायुक्त द्वारा उसे एक बेहतर कैरियर काउंसिलिंग दी गई, ताकि वह सही राह चुनकर जीवन में आगे बढ़ सके।
