देवघर // जिला के जसीडीह थाना क्षेत्र के भोक्ताडीह गांव निवासी विजय कुमार यादव से बाइक ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने बताया कि तीन अज्ञात युवकों ने खुद को फाइनेंसर बताकर उसे झांसे में लिया और उसकी बाइक लेकर फरार हो गये।
कुंडा क्षेत्र के पेट्रोल पंप से युवक को बहला-फुसलाकर ले गये तीन अज्ञात युवक
इस संबंध में शिकायत कुंडा थाना में देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने आवेदन में बताया है कि वह जसीडीह थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-32 का निवासी है और मजदूरी करता है। 28 मई को वह अपने ससुराल सारवां थाना क्षेत्र के बलीडीह गांव से लौट रहा था। इसी दौरान कुंडा थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए रुका। उसी दौरान वहां तीन अज्ञात युवक बाइक से पहुंचे और खुद को फाइनांसर बताया।
सर्कुलर रोड स्थित बाइक शोरूम के पास दुकान में बैठाकर ले लिये रुपये व बाइक
युवकों ने कहा कि वे गाड़ी का लोन दिलवाते हैं और दिग्भ्रमित कर विजय को अपने साथ चलने को कहा। इसके बाद तीनों युवक उसे सर्कुलर रोड स्थित एक बाइक शोरूम के पास ले गये और एक दुकान में बैठा दिया। पीड़ित ने बताया कि वहां उससे 700 रुपये ले लिये गये। इसके बाद आरोपितों ने उसकी बाइक ले ली और भाग निकले। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद भी जब युवक वापस नहीं लौटे, तो उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
विजय ने कुंडा थाना पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए बाइक बरामद करने और आरोपित युवकों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
