देवघर // जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त व्यक्ति ने साइबर थाना, देवघर में आवेदन देकर बताया है कि फर्जी डेबिट कार्ड अपग्रेड के नाम पर साइबर अपराधियों ने उनसे दो चरणों में कुल ₹1,97,165 की ठगी कर ली।
पीड़ित भैरोलाल गुप्ता के अनुसार, 10 जून 2026 को उन्होंने फेसबुक पर दिख रहे एक कथित बैंक संबंधी विज्ञापन पर “Apply Now” क्लिक किया। कुछ घंटों बाद एक मोबाइल नंबर 6009525048 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक के कार्ड विभाग का प्रतिनिधि बताते हुए व्हाट्सएप पर एक फाइल भेजी और विभिन्न जानकारियां साझा करने को कहा।
पीड़ित ने बताया कि करीब 20 मिनट तक बातचीत के दौरान उन्हें विश्वास दिलाया गया कि उनका डेबिट कार्ड सफलतापूर्वक अपग्रेड हो गया है। लेकिन कुछ ही मिनट बाद उनके खाते से ₹51,000 की पहली अवैध निकासी का संदेश आया। इसके बाद लगातार पांच और ट्रांजैक्शन हुए और कुल ₹1,42,420 निकाल लिए गए।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने 11 जून 2026 को इस घटना की सूचना साइबर थाना में दे दी थी। इसके बावजूद 30 जून 2026 को पेंशन की राशि खाते में जमा होने के लगभग एक घंटे के भीतर अपराधियों ने दो और अवैध निकासी कर ₹54,745 निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने बैंक जाकर डेबिट सुविधा बंद करवाई, मोबाइल नंबर बदलवाया और खाते को फ्रीज कराया।
पीड़ित का आरोप है कि पहली घटना के दौरान साइबर अपराधियों ने मोबाइल बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर ली थीं, जिनका उपयोग कर दूसरी बार भी खाते से रकम निकाल ली गई।
आवेदन में उन्होंने साइबर थाना से मामले में FIR दर्ज करने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा कुल ₹1,97,165 की राशि वापस दिलाने का अनुरोध किया है।
