झारखंड की आवाज

shravani-mela-2026-health-arrangements-deoghar

श्रावणी मेला 2026: 35 स्वास्थ्य शिविर, 41 एम्बुलेंस और 150+ बेड के साथ स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार

हेडलाइन:सब-हेडिंग:

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, कहा— बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले हर श्रद्धालु को मिलेगी 24×7 बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

देवघर // राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों को निर्बाध एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री इरफान अंसारी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

1005080544
बैठक में उपस्थित मंत्री इरफान अंसारी देवघर विधायक सुरेश पासवान एवं अन्य अधिकारी

बैठक में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, महामारी नियंत्रण, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और एम्बुलेंस प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में 35 स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जाएंगे। इनमें 32 स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे और तपोवन, खरगडीहा एवं त्रिकुट पहाड़ के 3 स्वास्थ्य केंद्र प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे। सभी शिविरों में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयां और एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

अस्पतालों में 150 से अधिक बेड तैयार

श्रद्धालुओं के इलाज के लिए पुराना सदर अस्पताल (अस्थायी मेला अस्पताल) में 50 बेड तथा नया सदर अस्पताल में 100 बेड तैयार रखे गए हैं। इसके अलावा दुम्मा, बीएड कॉलेज, कुमैठा और नेहरू पार्क में 10-10 बेड वाले स्वास्थ्य शिविर बनाए गए हैं। शिवगंगा, नंदन पहाड़, कोठिया बस स्टैंड, हथगढ़ बस स्टैंड, सुविधा केंद्र, हिंदी विद्यापीठ, बाघमारा बस स्टैंड और गिधनी में 5-5 बेड की व्यवस्था रहेगी, जबकि बाबा मंदिर और क्यू कॉम्प्लेक्स में प्राथमिक उपचार के लिए 2-2 बेड उपलब्ध रहेंगे।

41 एम्बुलेंस रहेंगी तैनात

मेला क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 41 एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी। इनमें सदर अस्पताल की एम्बुलेंस, रूट लाइन पर चलने वाली टोटो एम्बुलेंस, रिस्पॉन्स टीम की एम्बुलेंस तथा विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में उपलब्ध एम्बुलेंस शामिल हैं।

महामारी नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा पर विशेष फोकस

स्वास्थ्य विभाग ने महामारी रोकथाम के लिए दो विशेष स्वच्छता दल तैनात किए हैं, जो नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव करेंगे। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए 3 उड़नदस्ता खाद्य निरीक्षक दल और नकली दवाओं की बिक्री पर निगरानी के लिए 2 औषधि निरीक्षक दल भी सक्रिय रहेंगे।

21 पल्स पोलियो केंद्र भी रहेंगे सक्रिय

मेला में अपने परिवार के साथ आने वाले 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 21 पल्स पोलियो केंद्र एवं विशेष दल तैनात किए जाएंगे।

मंत्री इरफान अंसारी ने क्या कहा ?

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए पूरे मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर 24 घंटे डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, पर्याप्त दवाओं और त्वरित एम्बुलेंस सेवा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य बिंदु

  • 35 स्वास्थ्य शिविर, जिनमें 32 रहेंगे 24×7 संचालित।
  • 41 एम्बुलेंस रहेंगी तैनात।
  • 150 से अधिक बेड की व्यवस्था।
  • 21 प्राथमिक उपचार केंद्र।
  • 21 पल्स पोलियो केंद्र।
  • 3 खाद्य निरीक्षक उड़नदस्ता दल।
  • 2 औषधि निरीक्षक दल।
  • 24 घंटे डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और ऑक्सीजन की उपलब्धता।

Leave a Reply